देश की राजधानी दिल्ली से महाराष्ट्र के मुंबई तक की दूरी आने वाले दिनों में सिर्फ 12 घंटे में पूरी हो सकेगी। ऐसा इसलिए, क्योंकि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का काम तेज हो गया है। नतीजतन दिल्ली से मुंबई सफर करने वाले लोगों के लिए यह किसी बड़ी खुशखबरी से कम नहीं है। संभावना है कि साल 2023 के अंत तक इस एक्सप्रेस-वे के पहले चरण का काम निपट जाएगा।
मौजूदा समय में दिल्ली से मुंबई सड़क रास्ते से जाने में 30 घंटे से ज्यादा का समय लग जाता है। हालांकि, जब यह (दिल्ली-मुंबई) एक्सप्रेसवे बन जाएगा तो सफर सिर्फ 12 घंटे में आसानी से पूरा हो सकेगा। सूत्रों की मानें तो इसका पहला चरण 2023 तक बनकर तैयार हो जाएगा, जिसके बाद यह एक्सप्रेस-वे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
यह एक्सप्रेस-वे जब तैयार हो जाएगा तब करीब चार से अधिक सूबे इसके अंतर्गत आ जाएंगे। साथ ही सात से अधिक सूबों को इस एक्सप्रेस वे से लाभ मिलेगा। दिल्ली से मुंबई एक्सप्रेस-वे बन जाने के बाद मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र के लोगों को तो फायदा होगा, जबकि काम-धंधे और कारोबार के लिहाज से भी यह बेहद अहमियत रखेगा।
दरअसल, किसी भी मुल्क की तरक्की का रास्ता उसकी सड़कों से होकर गुजरता है। विकसित होने की प्रक्रिया में रोड इन्फ्राट्रक्चर बहुत अहम किरदार निभाते हैं। सड़कें अगर अच्छी होगी तो देश में एक जगह से दूसरे स्थान पर सुगम और सरल तरीके से देश के लोग यात्रा कर पाएंगे। साथ ही व्यापार भी बहुत आराम से और तेजी से बढ़ पाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
