Delhi Metro Phase IV News: दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) अब अपने आगामी फेज-IV कॉरिडोर पर ड्राइवरलेस ट्रेनें शुरू करने जा रहा है। इसका उद्देश्य ट्रेन संचालन में लचीलापन बढ़ाना और मानव त्रुटियों को कम करना है, और जल्द ही यह दिल्ली मेट्रो में देखने को मिलेगा। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, आगामी फेज-IV में भी ड्राइवरलेस ट्रेनें शामिल की जाएंगी।
देश की पहली ड्राइवरलेस ट्रेन 2020 में हुई थी शुरू
भारत में पहली बार ड्राइवरलेस ट्रेन का संचालन 28 दिसंबर 2020 को दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन (जनकपुरी वेस्ट – बोटैनिकल गार्डन) पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर शुरू किया था। फिलहाल दिल्ली मेट्रो की पिंक और मैजेंटा लाइनों पर कुल 69 ड्राइवरलेस ट्रेनें चल रही हैं।
दो लाइनों पर चलती हैं ड्राइवरलेस सेवाएं
इस समय Unattended Train Operation (UTO) प्रणाली के तहत ड्राइवरलेस ट्रेनें पिंक लाइन (लाइन–7) और मैजेंटा लाइन (लाइन–8) पर संचालित हो रही हैं। DMRC के अनुसार, पिंक लाइन पर 43 ट्रेनें और मैजेंटा लाइन पर 26 ट्रेनें वर्तमान में UTO सिस्टम के तहत चल रही हैं। DMRC के मुताबिक, ड्राइवरलेस ट्रेन प्रणाली से कोच की अवेलिबिलिटी में सुधार हुआ है। ट्रेन को चालू करने से पहले की मैन्युअल जांच प्रक्रिया समाप्त हो गई है, जिससे ट्रेन ऑपरेटरों पर भार कम हुआ है और सेवाओं की विश्वसनीयता बढ़ी है।
बन जाएगा दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा नेटवर्क
एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, फेज-IV के पूरा होने के बाद, जब ड्राइवरलेस संचालन पिंक और मैजेंटा लाइनों के एक्सटेंशन के साथ-साथ एयरोसिटी से तुगलकाबाद के बीच बनने वाली गोल्डन लाइन पर भी शुरू होगा, तब दिल्ली मेट्रो 160 किलोमीटर लंबे ड्राइवरलेस नेटवर्क के साथ दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा ड्राइवरलेस मेट्रो नेटवर्क बन जाएगी।
फेज-IV के प्रमुख कॉरिडोर
दिल्ली मेट्रो का फेज-IV प्रोजेक्ट छह कॉरिडोरों में बनाया जा रहा है, जिनमें से तीन को प्राथमिकता दी गई है। ये कॉरिडोर हैं, मजलिस पार्क से मौजपुर (पिंक लाइन एक्सटेंशन), जनकपुरी वेस्ट से आर.के. आश्रम मार्ग (मैजेंटा लाइन एक्सटेंशन) और दिल्ली एयरोसिटी से तुगलकाबाद (गोल्डन लाइन)। बाकी तीन प्रस्तावित हैं। इंदरलोक से इंद्रप्रस्थ (ग्रीन लाइन), लाजपत नगर से साकेत G ब्लॉक (गोल्डन लाइन) और रिठाला से कुंडली (रेड लाइन एक्सटेंशन) प्रस्तावित कॉरिडोर हैं। DMRC के इस कदम से दिल्ली मेट्रो का तकनीकी और परिचालन ढांचा और भी मजबूत होगा, साथ ही यह भारत में स्वचालित मेट्रो तकनीक की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
