Delhi Metro New Timings: दिल्ली में होने वाले एमसीडी उपचुनावों के दौरान मतदान कर्मियों और अन्य स्टाफ की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए मेट्रो रेल सेवाओं के समय में बदलाव किया गया है। एमसीडी उपचुनावों के मतदान रविवार, 30 नवंबर 2025 को होंगे, ऐसे 12 वार्डों में उपचुनाव को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो सभी टर्मिनल स्टेशनों से सुबह 4:00 बजे से सेवा शुरू करेगी। सुबह 6:00 बजे तक ट्रेनें हर 30 मिनट के अंतराल पर चलेंगी। इसके बाद समय-सारिणी सामान्य रविवार के शेड्यूल के अनुसार रहेगी। इसके अलावा, अंतिम ट्रेन का समय भी बढ़ाया गया है अब सभी टर्मिनल स्टेशनों से आखिरी मेट्रो रात 11:30 बजे चलेगी, जो सामान्य समय 11:00 बजे से 30 मिनट देर है। बुधवार, 3 दिसंबर 2025, मतगणना के दिन भी मेट्रो सेवाएं सुबह 4:00 बजे से प्रारंभ होंगी और 6:00 बजे तक ट्रेनें हर 30 मिनट में उपलब्ध रहेंगी। इसके बाद मेट्रो नियमित कार्यदिवस की समय-सारिणी के अनुसार संचालित होगी।
उपचुनाव की पूरी तैयारी
दिल्ली राज्य चुनाव आयोग ने एमसीडी के 12 वार्डों में होने वाले उपचुनाव की पूरी तैयारी कर ली है। आयोग ने बताया कि सभी 580 मतदान केंद्रों पर 100% वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। मतदाता आयोग की आधिकारिक मोबाइल ऐप निगम चुनाव दिल्ली के जरिए रियल-टाइम कतार अपडेट, मतदाता खोज, उम्मीदवारों की जानकारी, मतदान केंद्र की लोकेशन, पीडब्ल्यूडी सुविधाएं, महत्वपूर्ण संपर्क और अन्य चुनाव संबंधी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
डाक मतपत्र की सुविधा
80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं को डाक मतपत्र की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वहीं 85 वर्ष से अधिक आयु के पात्र मतदाता और पीडब्ल्यूडी मतदाता केंद्रों पर व्हीलचेयर, सहायक कर्मचारी और पिक-एंड-ड्रॉप सुविधा का लाभ ले सकते हैं। मतदान केंद्रों पर QR कोड के जरिए वोट देने के बाद मतदाता तुरंत डिजिटल फीडबैक भी दे सकेंगे। प्रत्येक वार्ड में एक मॉडल मतदान केंद्र और एक पिंक बूथ स्थापित किया गया है। मतदान के दौरान मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।
2,320 मतदान कर्मियों की तैनाती
चुनाव आयोग ने 143 स्थानों पर बनाए गए 580 मतदान केंद्रों के लिए 2,320 मतदान कर्मियों की तैनाती की है, जो 20% रिजर्व स्टाफ के साथ मिलाकर 2,784 तक पहुँचती है। सुरक्षा के लिए 2,265 दिल्ली पुलिस कर्मी, 580 होमगार्ड और 13 कंपनियों की सीएपीएफ तैनात की गई हैं। मतगणना के लिए 10 स्ट्रॉन्ग रूम कम काउंटिंग सेंटर्स निर्धारित किए गए हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
