Delhi MCD By Elections 2025: दिल्ली नगर निगम (MCD) के 12 खाली पड़े वार्डों में नए पार्षद चुनने के लिए आज, रविवार 30 नवंबर 2025 को मतदान होने जा रहे हैं। 7:30 बजे इन सीटों पर वोटिंग की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इन उपचुनावों को राजधानी में सत्तारूढ़ बीजेपी की रेखा गुप्ता सरकार के कामकाज पर एक जनमत संग्रह (रेफरेंडम) के तौर पर देखा जा रहा है। MCD की इन 12 सीटों के पर कुल 53 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे, जिनकी किस्मत का फैसला होने वाला है। आज यानी 30 नवंबर को वोटिंग के तीन बाद यानी 3 दिसंबर को नतीजों की घोषणा की जाएगी।
एमसीडी उपचुनाव में इन सीटों पर जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है। एक तरफ बीजेपी और दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी (AAP) दोनों ने ही अपनी उपचुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बीजेपी का प्रचार संभाला, जबकि पूर्व सीएम आतिशी ने आप के अभियान का नेतृत्व किया, दोनों पार्टियों के वरिष्ठ नेताओं ने समर्थन हासिल करने के लिए शहर भर में ढेरों रैलियां की।
पूर्ण बहुमत हासिल करना बीजेपी का लक्ष्य
12 वार्डों पर होने जा रहे उपचुनाव विशेष रूप से बीजेपी के लिए महत्वपूर्ण हैं, जिसका लक्ष्य सभी 12 सीटों पर जीत (12-0) हासिल करना है। यदि बीजेपी ऐसा कर पाती है, तो 250 सदस्यों वाले नगर निगम हाउस में उसके पार्षदों की संख्या 115 से बढ़कर 127 हो जाएगी, जिससे वह 125 के पूर्ण बहुमत के जादुई आंकड़े को पार कर जाएगी। बीजेपी के लिए यह जीत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के व्यक्तिगत कद को बढ़ाएगी और उनकी ई-बस, स्वास्थ्य, बीमा कल्याण योजनाओं और छठ भक्तों के लिए व्यवस्थाओं को जनता का सकारात्मक रिपोर्ट कार्ड माना जाएगा। वहीं, 99 पार्षदों वाली AAP के लिए यह चुनाव शहर की राजनीति में अपनी खोई हुई पकड़ को वापस पाने का एक मौका है, जिसे उसने फरवरी में विधानसभा चुनावों में बीजेपी की जीत के बाद खो दिया था।
इस्तीफे के कारण खाली हुई सीटें: कांग्रेस भी रेस में
पिछले 12 महीनों में इन 12 वार्डों के पार्षद विधानसभा सदस्य यानी एमएलए या संसद के रूप में चुने गए। जिसके बाद ये वार्ड खाली हो गए, इसलिए यहां उपचुनाव कराना अनिवार्य हो गया था। इनमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत 11 पार्षद विधानसभा सदस्य (MLA) चुने गए थे, जबकि द्वारका-B वार्ड वेस्ट दिल्ली से बीजेपी की कमलजीत सहरावत के सांसद चुनी गई थी, जिसके कारण ये सीटें खाली हो गई थी।
किन 12 सीटों पर हो रहे उपचुनाव
दिल्ली के मुंडका, शालीमार बाग, अशोक विहार, चांदनी चौक, चांदनी महल, द्वारका, दिचाऊं कलां, नारायणा, संगम विहार, दक्षिण पुरी, ग्रेटर कैलाश और विनोद नगर सीट पर एमसीडी उप चुनाव होने वाले हैं। इन चुनावों में कांग्रेस भी कुछ सीटें जीतकर शहर की राजनीति में अपनी प्रासंगिकता बनाए रखने की पूरी कोशिश कर रही है, जिस पर वर्तमान में बीजेपी और AAP का दबदबा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
