Delhi Pollution Update: दिल्ली की आबोहवा गुरुवार को बेहद खराब हो गई। राजधानी के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया। सीपीसीबी के मुताबिक, वायु गुणवत्ता 'गंभीर' श्रेणी के करीब रही और औसत एक्यूआई 391 दर्ज किया गया, जबकि 15 से अधिक निगरानी केंद्रों में एक्यूआई 400 से अधिक दर्ज किया गया। चौबीस घंटे का औसत एक्यूआई 391 दर्ज किया गया और यह लगातार सातवें दिन 'बहुत खराब' श्रेणी में रहा।
दिल्ली के किन हिस्सों की हवा है सबसे ज्यादा खराब?
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, बुधवार को औसत एक्यूआई 392, मंगलवार को 374 और सोमवार को 351 रहा। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली की वायु गुणवत्ता और भी खराब होकर 'गंभीर' श्रेणी में पहुंचने की संभावना है तथा यह अगले छह दिनों तक 'बहुत खराब' से 'गंभीर' श्रेणी में बनी रहेगी। सीपीसीबी के समीर ऐप के अनुसार 38 चालू केंद्रों में से 18 में एक्यूआई 'गंभीर' श्रेणी में दर्ज किया गया। इनमें चांदनी चौक, डीटीयू, बवाना, आनंद विहार, मुंडका, नरेला और वजीरपुर स्टेशन शामिल हैं, जहां एक्यूआई 400 से अधिक रहा।
कैसा रहेगा कल का मौसम
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच ए़क्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ माना जाता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जोकि सामान्य से 0.9 डिग्री कम है। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।आईएमडी ने शुक्रवार के लिए मध्यम कोहरे का पूर्वानुमान व्यक्त किया है तथा अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
