देश

500 लोगों से शुरू हुआ सफर, 40 लाख तक पहुंचा कारवां, पुणे में खेल मंत्री ने भी चलाई साइकिल

फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल के 100वें संस्करण में पुणे में खेल मंत्री मनसुख मांडविया और कई ओलंपियन ने साइकिल चलाई। 500 लोगों से शुरू हुआ अभियान अब 40 लाख तक पहुंच गया है।

Image

हजारों लोगों के साथ साइकिल चलाते दिखे खेल मंत्री (Photo Credit - ANI)

साइकिल के पैडल, लोगों का जबरदस्त उत्साह और फिट रहने का संदेश... रविवार की सुबह महाराष्ट्र के पुणे में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। यहां फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल अभियान का 100वां संस्करण आयोजित किया गया। इस खास मौके पर केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने भी साइकिल चलाई। उनके साथ हजारों लोगों, युवाओं और देश के कई बड़े खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस आयोजन के जरिए लोगों को रोजाना व्यायाम करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ में आयोजित इस कार्यक्रम को खास बनाने के लिए इस बार 'ओलंपिक मूवमेंट इन इंडिया' और '#IndiaReady4Olympics' थीम रखी गई थी। इसके तहत 5 किलोमीटर और 25 किलोमीटर की साइकिल राइड आयोजित की गई। इस दौरान लोगों ने साइकिल चलाकर फिटनेस के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, नदी बचाने और स्वच्छता का संदेश भी दिया।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: NDA की पासिंग आउट परेड में शामिल हुए राजनाथ सिंह

खेल मंत्री के साथ ओलंपियन ने भी चलाई साइकिल

फिट इंडिया के 100वें संस्करण में देश के कई जाने-माने खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें ओलंपियन प्रियंका गोस्वामी, जैस्मिन लांबोरिया, प्रीति पवार, संदीप कुमार, आशीष कुमार चौधरी और श्रबानी नंदा जैसे खिलाड़ी शामिल रहे। खेल मंत्री और दिग्गज खिलाड़ियों को आम लोगों के साथ साइकिल चलाते देखकर युवाओं में भी खास उत्साह देखने को मिला। इस कार्यक्रम में भारत के ओलंपिक सपने पर आधारित एक फिल्म भी लॉन्च की गई। इसमें अभिनेता आयुष्मान खुराना के साथ वेटलिफ्टर मीराबाई चानू, पैरा-तीरंदाज शीतल देवी और क्रिकेटर स्मृति मंधाना नजर आए। इस फिल्म के जरिए युवाओं को खेलों से जुड़ने और भारत को ओलंपिक में मजबूत बनाने के सपने में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।

सिर्फ पुणे नहीं, देश के 600 से ज्यादा जिलों में आयोजन

इस बार का कार्यक्रम केवल पुणे तक सीमित नहीं रहा। देशभर के 100 प्रमुख स्थानों पर साइकिल रैलियां आयोजित की गईं। वहीं, MY Bharat के सहयोग से 600 से अधिक जिलों के युवाओं ने भी इस अभियान में हिस्सा लिया। इस तरह एक ही दिन में देश के अलग-अलग हिस्सों में लोगों ने साइकिल चलाकर फिटनेस का संदेश दिया। इस आयोजन को सामाजिक जिम्मेदारी से भी जोड़ा गया। इसमें शामिल लोगों ने नशामुक्त भारत का संकल्प लिया। युवाओं को नशे से दूर रहने और खेलकूद को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। यानी इस मुहिम का मकसद सिर्फ साइकिल चलाना नहीं, बल्कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य और साफ-सुथरे पर्यावरण के प्रति जागरूक करना भी है।

500 लोगों से शुरू हुआ सफर, 40 लाख तक पहुंचा कारवां

फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल अभियान की शुरुआत दिसंबर 2024 में हुई थी। उस समय देश के करीब 250 स्थानों पर केवल 500 लोगों ने इसमें हिस्सा लिया था। लेकिन धीरे-धीरे यह अभियान लोगों के बीच लोकप्रिय होता गया और अब एक बड़े जन आंदोलन का रूप ले चुका है। आंकड़ों के मुताबिक, इसके 100 संस्करणों में अब तक करीब 40 लाख लोगों की भागीदारी दर्ज की गई है। देशभर में लगभग 10 हजार स्थानों पर नियमित रूप से इसके आयोजन हो रहे हैं। इसके अलावा 6 हजार से ज्यादा फिट इंडिया NaMo साइक्लिंग क्लब बनाए जा चुके हैं। इस अभियान से 1.5 लाख से अधिक MY Bharat स्वयंसेवक भी जुड़े हैं।

फिटनेस को जन आंदोलन बनाने की कोशिश

फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का 100वां संस्करण इस बात का उदाहरण है कि छोटी शुरुआत भी बड़े बदलाव का कारण बन सकती है। 500 लोगों से शुरू हुई यह मुहिम आज लाखों लोगों तक पहुंच चुकी है। इसका संदेश साफ है कि फिट रहना केवल खिलाड़ियों के लिए जरूरी नहीं, बल्कि हर व्यक्ति को अपनी सेहत का ध्यान रखना चाहिए। साइकिल चलाने जैसी छोटी आदत भी स्वस्थ जीवन की दिशा में बड़ा कदम बन सकती है।

Prerit Kumar
प्रेरित कुमारauthor

मैं एक जिज्ञासु पत्रकार हूँ, जो खबरों के हर पहलू को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य का अनुभव रखता हूँ। पत्रकारिता की दुनिया में एक दशक से सक्रिय हूँ। समाज और सच्चाई को जोड़ने वाली सार्थक पत्रकारिता में विश्वास करता हूँ।

और पढ़ें
End of Article