दिल्ली

दिल्ली विधानसभा में 25 फरवरी को पेश होगी CAG रिपोर्ट, सीएम से मुलाकात के बाद विजेंद्र गुप्ता ने किया ऐलान

Latest Update on CAG Report: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात के बाद विजेंद्र गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली विधानसभा में 25 फरवरी को कैग रिपोर्ट (CAG Report) पेश होगी। आम आदमी पार्टी की सरकार के दौरान भाजपा लगातार इन रिपोर्टों को विधानसभा में रखने की मांग करती रही। नीचे पढ़िए इससे जुड़ी विस्तृत जानकारी।

Image

दिल्ली विधानसभा में 25 फरवरी को पेश की जाएगी CAG रिपोर्ट।

Vijendra Gupta Meeting with CM Rekha Gupta: भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ शुक्रवार को मुलाकात की। उनके बीच दिल्ली विधानसभा के आगामी सत्र को लेकर भी चर्चा हुई। विजेंद्र गुप्ता ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, 'आज मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा सत्र के एजेंडे पर विस्तृत चर्चा की। विधानसभा के पटल पर 25 फरवरी को कैग की रिपोर्ट्स प्रस्तुत की जाएंगी।'

विधानसभा में 25 फरवरी को पेश की जाएगी कैग की रिपोर्ट्स

विजेंद्र गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि पार्टी ने उन्हें स्पीकर पद के लिए चुना है और वह कोशिश करेंगे कि सदन में अपने कर्तव्यों का ठीक से पालन कर सकें।

उन्होंने कहा था, '27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी दिल्ली में सत्ता में आ रही है। मैं अपनी नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को ढेर सारी बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। पार्टी ने फैसला किया है कि मुझे स्पीकर के पद पर नियुक्त किया जाए और मैं दिल्ली विधानसभा की कार्यवाही नियमों और कानून के दायरे में चलाऊंगा। यह लोकतंत्र का मंदिर है और इसी भावना के साथ हमें काम करना है।'

24 फरवरी से दिल्ली विधानसभा में 3 दिन का विशेष सत्र होगा शुरू

दिल्ली विधानसभा का तीन दिन का विशेष सत्र 24 फरवरी से शुरू होगा। इस सत्र में सभी नवनिर्वाचित विधायक शपथ लेंगे, जबकि पांच साल से लंबित कैग की 14 रिपोर्ट भी पेश की जाएंगी। कथित शराब घोटाले पर भी रिपोर्ट सदन के पटल पर रखी जाएगी।

आम आदमी पार्टी की सरकार के दौरान भाजपा लगातार इन रिपोर्टों को विधानसभा में रखने की मांग करती रही। उन्होंने अदालत का दरवाजा भी खटखटाया, जिस पर आप सरकार को फटकार सुननी पड़ी थी। इस बीच चुनाव आ गए और रिपोर्ट पेश नहीं हो सकी। तीन दिवसीय विशेष सत्र में इन रिपोर्ट्स को पेश किया जाएगा। विधानसभा की बैठक 24, 25 और 27 फरवरी को होगी जबकि 26 फरवरी को महाशिवरात्रि का अवकाश है।

दिल्ली के रामलीला मैदान में गुरुवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छह मंत्रियों के साथ शपथ ली थी। मंत्रियों में प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article