लाल किला मेट्रो गेट नंबर 1 के पास कार में धमाका (फोटो: ANI)
Delhi Blast: दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास 10 नवंबर 2025 की सोमवार शाम एक जोरदार धमाका होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह विस्फोट लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में हुआ, जिसके बाद आसपास खड़ी कुछ गाड़ियों में भी आग लग गई। इस हादसे में 8 लोगों की मौत गई और 24 अन्य घायल हो गए। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास की दुकानों के शीशे और दरवाजे-खिड़कियां टूट गईं, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, उन्हें कार में हुए विस्फोट की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। फिलहाल, धमाके के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक जांच में सिलेंडर या कार की बैटरी में विस्फोट की आशंका जताई जा रही है। दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और स्पेशल सेल की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और पूरे क्षेत्र की बारीकी से जांच की जा रही है। एहतियातन इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।
ताजा रिपोर्टों के अनुसार, घटना में घायल हुए 15 लोगों को लोक नायक जय प्रकाश नारायण (LNJP) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 8 लोगों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। तीन की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि एक मरीज की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ने इस जानकारी की पुष्टि की है। कुल मिलाकर, इस हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है और 24 लोगों के घायल होने की खबर है। ऐसे में बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद है, साथ ही दमकल की करीब 15 गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना की जा चुकी थीं। पूरे इलाके को पुलिस द्वारा कार्डोंन ऑफ किया गया है और सामान्य गाड़ियों की आवाजाही को रोक दिया गया है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक ब्लास्ट बहुत तेज हुआ। दिल्ली पुलिस के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं। फोरेंसिक, टेक्निकल एक्सपर्ट और NIA की टीम मौके पर मौजूद है।
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने ट्वीट कर लिखा कि, लाल किले के पास कार विस्फोट की घटना अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट की जाती हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि घायल जल्दी स्वस्थ हो जाएं। प्रभावित लोगों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने का प्रबंध किया जा रहा है। दिल्ली पुलिस, एनएसजी, एनआईए और एफएसएल की टीमें मिलकर मामले की गहन जांच कर रही हैं। दिल्लीवासियों से अपील है कि अफवाहों से बचें और केवल पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें। एलएनजेपी अस्पताल में जाकर घायल नागरिकों से मुलाकात की गई, उनकी स्थिति जानी गई और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि घायलों को सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएँ तुरंत और पूरी तत्परता के साथ प्रदान की जाएं।
यह भी पढ़ें - पहले भी धमाकों से दहल चुकी है दिल्ली, 2005 और 2008 में हो चुके हैं Serial Blast
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस महानिदेशक से घटना की जानकारी प्राप्त कर राज्य भर में पुलिस बल को हाई अलर्ट पर रखने, सघन चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में सूरत पुलिस ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। शहर में पुलिस कमिश्नर ने पेट्रोलिंग बढ़ाने, भीड़भाड़ वाले बाजार, मॉल और सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी कड़ी करने तथा पूरे शहर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखने के आदेश जारी किए हैं। रेलवे स्टेशन और बस स्टेशनों पर भी विशेष गश्त बढ़ाई गई है।
हरिद्वार पुलिस ने भी दिल्ली में विस्फोट की गंभीर घटना के बाद पूरे जनपद में सुरक्षा कड़ी कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर देहात से लेकर शहर तक सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, मॉल और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस सर्चिंग कर रही है। पुलिस ने जनता से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।
मुंबई में भी दिल्ली धमाके की रिपोर्ट के बाद तटीय और प्रमुख नाकों पर पुलिस और CISF सतर्क हो गई है। मुलुंड क्षेत्र में मुख्य प्रवेश-निकास बिंदुओं पर निगरानी बढ़ा दी गई है और पुलिस द्वारा लगातार गश्त जारी है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। गुजरात पुलिस ने एहतियात के तौर पर पूरे राज्य में अलर्ट जारी किया है। राज्य के पुलिस प्रमुख विकास सहाय ने सभी जिला और शहर पुलिस प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि वे नाकाबंदी करें, वाहनों की जांच करें और प्रमुख प्रवेश व निकास बिंदुओं पर पुलिस बल तैनात रखा है
बिहार पुलिस ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने बताया कि राज्य में सुरक्षा के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। कुमार ने कहा कि दिल्ली के लाल किले के पास हाल ही में हुए विस्फोट की घटना के बाद राज्य के सभी जिलों में उच्च सुरक्षा अलर्ट लगाया गया है। उन्होंने सभी जिला पुलिस प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि वे संवेदनशील क्षेत्रों, मतदान केंद्रों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा कड़ी रखें। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में मंगलवार को विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान होने जा रहा है, इसलिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से चौकन्नी हैं। केंद्रीय सुरक्षा बलों और राज्य पुलिस की संयुक्त गश्त टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। सीमा क्षेत्रों और नक्सल प्रभावित इलाकों में ड्रोन के माध्यम से भी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। डीजीपी ने कहा कि खुफिया एजेंसियों से प्राप्त हर सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है और जनता से अनुरोध किया गया है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दें।
पड़ोसी राज्य हरियाणा में सोमवार शाम से हाई अलर्ट लागू कर दिया गया है, खासकर उन जिलों में जो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के अंतर्गत आते हैं। यह कदम दिल्ली में हाल ही में हुए धमाके के बाद उठाया गया है, जिसमें कम से कम आठ लोगों की जान चली गई। अधिकारियों के अनुसार, सोमवार शाम लाल किले के पास दिल्ली में एक कार में विस्फोट हुआ, जिससे कई वाहन जलकर खाक हो गए और आठ से अधिक लोग घायल हुए। हरियाणा केपुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओ. पी. सिंह ने सोशल मीडिया पर लोगों से शांति बनाए रखने का आग्रह करते हुए कहा कि राज्य में हाई अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु को देखते ही तुरंत '112' पर सूचना दें। डीजीपी ने बताया कि सभी पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात हैं और अंतरराज्यीय सीमाओं पर वाहनों की कड़ी जांच की जा रही है। इसके अलावा सार्वजनिक परिवहन, पार्किंग, होटल और धर्मशालाओं की भी सुरक्षा पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि एनसीआर क्षेत्र के जिलों में सतर्कता और भी बढ़ा दी गई है।
राजस्थान में भी पुलिस ने सुरक्षा सतर्कता बढ़ा दी है। अधिकारियों के अनुसार, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार शर्मा ने दिल्ली में धमाके की जानकारी मिलने के बाद सभी पुलिस उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, शॉपिंग मॉल, धार्मिक स्थल और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें। डीजीपी ने अधीनस्थ अधिकारियों को अधिकतम पुलिस बल सड़कों पर तैनात करने और बम निरोधक दस्तों (BDS) को भी सक्रिय रखने के आदेश दिए हैं। उन्होंने सभी पुलिस अधीक्षकों/उपायुक्तों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि आवश्यक सुरक्षा उपाय पूरी तरह से लागू हों और खुद निगरानी रखें। इसके अलावा, कमांड सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों की लगातार निगरानी करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि का तुरंत पता लगाने का निर्देश भी दिया गया है। पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीमों को भी सतर्क रखा गया है ताकि अफवाहें या गलत सूचनाएं फैलने से पहले ही रोकी जा सकें।
फिलहाल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने पूरे देश में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। इसमें हवाई अड्डे, दिल्ली मेट्रो, ऐतिहासिक स्थल, सरकारी इमारतें और अन्य महत्वपूर्ण सुरक्षा क्षेत्र शामिल हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) की जांच टीम विस्फोट स्थल पर पहुंच रही है ताकि विस्फोट में इस्तेमाल की गई सामग्री के अवशेष एकत्र किए जा सकें और घटना की गहन जांच की जा सके। सूत्रों के अनुसार टीम जल्द ही घटनास्थल पर मौजूद होगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।