Delhi News: विश्व हिंदू परिषद (VHP) और अन्य हिंदू संगठन के सदस्य आज सुबह 11 बजे नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे हैं। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसा और अत्याचार के खिलाफ यह प्रदर्शन किया जा रहा है। लेकिन हाई कमीशन के बाहर प्रदर्शन उग्र हो चुका है। मौके पर तैनात भारी पुलिस फोर्स प्रदर्शनकारियों को रोकने और हालात को काबू करने की कोशिश कर रही है। लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकैडिंग तोड़कर आगे बढ़ गए हैं। गौरतलब है कि हाई कमीशन क्षेत्र में किसी भी तरह के प्रदर्शन की इजाजत नहीं है। ऐसे में प्रदर्शन को रोकने के लिए हाई कमीशन के बाहर सुबह से ही भारी पुलिस फोर्स तैनात है।
आज सुबह 11 बजे से VHP कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
VHP कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसा और अत्याचार के विरोध में बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर आज सुबह 11 बजे से शांतिपूर्ण प्रदर्शन का ऐलान किया था। इस प्रदर्शन को रोकने के लिए सुबह से ही हाई कमीशन के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल और अर्धसैनिक बल तैनात किया गया था। पुलिस की ओर से हाई कमीशन के बाहर पोस्टर भी लगाए गए, जिसमें साफ लिखा है कि इस इलाके में किसी भी प्रकार का प्रदर्शन करना अपराध है। ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, दूसरी ओर बांग्लादेश हाई कमीशन की तरफ से काउंटर पर एक नोटिस लगाया गया है, जिसमें स्पष्ट लिखा है कि अस्थायी रूप से काउंसलर और वीजा सेवाओं को अगले आदेश आने तक प्रतिबंधित कर दिया गया है। बांग्लादेशी । आज सुबह 11 बजे तमाम हिंदू संगठन के सदस्य प्रदर्शन के लिए हाई कमीशन के बाहर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों को पहले ही हाई कमीशन के पास जोने से रोका गया। लेकिन वे बैरिकेडिंग को पार करके आगे बढ़ गए। हालांकि सुरक्षा बल ने उन्हें हाई कमीशन तक पहुंचने से पहले ही रोक लिया। प्रदर्शन के दौरान बांग्लादेश बायकॉट जैसे नारे भी लगे। साथ ही बांग्लादेश का पुतला भी फूंका गया।
दीपू चंद्र दास की पीट-पीटकर हुई हत्या
बांग्लादेश के मैमनसिंह जिले के भालुका में धर्म का अपमान करने के आरोप में एक हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की हत्या कर दी गई। उसे पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। जिसके बाद शव को पेड़ से बांधकर आग लगा दी गई। इस घटना से भारत के साथ ही नेपाल में भी गुस्सा भड़ उठा है। लोग दीपू के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं। इस घटना के खिलाफ धुबरी में भी लोगों ने प्रदर्शन किया था। जिसके बाद आज दिल्ली में तमाम हिंदू संगठन प्रदर्शन के लिए उमड़ पड़े।
