Delhi News: दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में एक फ्लैट से दो लोगों के शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया में हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, देवेंद्र के बेटे को मुख्य संंदिग्ध बताया जा रहा है, घटना के बाद से वह लापता है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मकान मालिक ने पुलिस को किया फोन
मृतकों की पहचान देवेंद्र कुमार (करीब 50 वर्ष) और उसके छोटे भाई अमित (करीब 45 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने एक बयान में बताया कि दोनों भाई नरेश के मकान में किराए पर रहते थे। पुलिस के अनुसार शाम छह बजकर 55 मिनट पर उन्हें नरेश का फोन आया जिसमें उसने दोनों भाइयों के मृत पाए जाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस, फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम के साथ मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
सूत्रों के अनुसार, प्रथम दृष्टया देवेंद्र का बेटा इस मामले में मुख्य संदिग्ध है। उन्होंने बताया कि वह मौके पर मौजूद था लेकिन घटना के बाद से लापता है और उसका फोन भी नहीं लग रहा है। सूत्रों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शुक्रवार रात फ्लैट में झगड़ा हुआ था और मकान मालिक ने झगड़े के दौरान शोर-शराबा होने को लेकर आपत्ति भी जताई थी। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के प्रारंभिक निरीक्षण से लगता है कि दोनों भाइयों के सिर दीवार से टकराए जाने के कारण उन्हें चोट लगी होगी। सूत्रों ने कहा कि हालांकि सटीक घटनाक्रम और मौत के कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
(इनपुट - भाषा)
