शहर

अशोक नगर में मेट्रो और नमो भारत ट्रेन की यात्रा होगी आसान, इंटरचेंज पर अब सिंगल सिक्योरिटी चेक

दिल्ली के अशोक नगर में मेट्रो और नमो भारत ट्रेन के यात्रियों के लिए सफर अब और आसान हो गया है। अब दोनों सेवाओं के लिए अलग-अलग सुरक्षा जांच की जरूरत नहीं होगी। एनसीआरटीसी ने इंटरचेंज पर एक साझा सुरक्षा जांच व्यवस्था लागू कर, समय और सुविधा दोनों बढ़ा दिए हैं।

Image

अशोक नगर में मेट्रो और नमो भारत ट्रेन के लिए सुरक्षा जांच सिर्फ एक बार (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Delhi News: दिल्ली के अशोक नगर इलाके में मेट्रो और नमो भारत ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अब यात्रा और भी आसान हो गई है। अब यात्रियों को दोनों सेवाओं के लिए अलग-अलग सुरक्षा जांच से नहीं गुजरना पड़ेगा। एनसीआरटीसी के अनुसार ब्लू लाइन पर स्थित न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन और नमो भारत स्टेशन के इंटरचेंज पर एक साझा सुरक्षा जांच यानी सिंगल सिक्योरिटी चेक व्यवस्था लागू कर दी गई है, जिससे यात्रियों को एक ही स्थान पर जांच के बाद दोनों ट्रेनों की सुविधा मिल सकेगी।

एनसीआरटीसी ने रविवार को जानकारी दी कि दोनों स्टेशनों को जोड़ने वाले एक नए पुल और मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 2 पर स्थापित नई सुरक्षा जांच सुविधा की वजह से यह व्यवस्था लागू हो सकी है। इसके तहत दिल्ली मेट्रो से यात्रा कर नमो भारत के जरिए मेरठ जाने वाले यात्रियों को नमो भारत स्टेशन पर दोबारा सुरक्षा जांच नहीं करानी होगी। इसी तरह नमो भारत ट्रेन से सफर कर दिल्ली मेट्रो के जरिए नोएडा जाने वाले यात्रियों को भी दूसरी बार जांच प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा।

एनसीआरटीसी के मुताबिक, बार-बार होने वाली सुरक्षा जांच को खत्म करने से रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों का समय बचेगा। निगम ने यह भी बताया कि गाजियाबाद स्थित नमो भारत स्टेशन पर एक विशेष पैदल पुल शुरू कर दिया गया है, जिससे दिल्ली मेट्रो के शहीद स्थल न्यू बस अड्डा स्टेशन तक सीधा और सुगम आवागमन संभव हो सकेगा।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article