Red Fort Reopening Date: दिल्ली के निवासियों और देश-विदेश से आने वाले सैलानियों के लिए राहत भरी खबर है। यूनेस्को की बैठक समाप्त होने के बाद ऐतिहासिक लाल किला मंगलवार से एक बार फिर आम दर्शकों के लिए खोल दिया जाएगा। यह स्मारक 5 दिसंबर से अस्थायी रूप से बंद था। दरअसल, लाल किले में 8 दिसंबर से 13 दिसंबर तक यूनेस्को की बैठक आयोजित की गई थी, जिसके चलते प्रवेश पर रोक लगाई गई थी। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, पर्यटकों के स्वागत के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और यह सुनिश्चित किया गया है कि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
लाल किले की लगातार निगरानी
पुरानी दिल्ली में स्थित मुगल दौर का यह ऐतिहासिक स्मारक पर्यटकों के बीच काफी प्रसिद्ध है और रोजाना बड़ी संख्या में लोग इसे देखने पहुंचते हैं। यूनेस्को की महत्वपूर्ण बैठक यहां कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच संपन्न कराई गई। यह बैठक लाल किले के पास 10 नवंबर को हुए विस्फोट की घटना के लगभग एक माह बाद आयोजित हुई थी। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सुरक्षाबल अब भी स्मारक के भीतर और बाहर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
पहली बार हुई थी UNESCO की बैठक
यूनेस्को (UNESCO) की अहम बैठक लाल किला परिसर में सख्त सुरक्षा प्रबंधों के साथ आयोजित की गई। चांदनी चौक की दिशा से आने वाले प्रतिनिधियों को ऐतिहासिक परिसर में प्रवेश से पहले लाहौरी गेट क्षेत्र में लगाए गए कई सुरक्षा बैरिकेड्स से होकर गुजरना पड़ा। विस्तृत सुरक्षा जांच के बाद ही उन्हें यूनेस्को बैठक स्थल तक पहुंचने की अनुमति दी गई। उल्लेखनीय है कि इस तरह की यूनेस्को बैठक का आयोजन भारत में पहली बार किया गया था।
सुरक्षा एजेंसियां अब भी अलर्ट पर
सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल स्मारक की बाहरी परिधि के साथ-साथ अंदरूनी हिस्से पर भी लगातार निगरानी रखे हुए हैं। बीते एक सप्ताह के दौरान, जब लाल किला आम लोगों के लिए बंद था, तब चांदनी चौक रोड की ओर बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक और स्थानीय नागरिक किले के बाहर खड़े होकर तस्वीरें खींचते और सेल्फी लेते नजर आए।
(इनपुट - भाषा)
