शहर

दिल्ली में कोहरे का कहर! एयरपोर्ट पर 177 फ्लाइट्स रद्द, रेल यातायात भी प्रभावित

शुक्रवार को दिल्ली हवाई अड्डे पर घने कोहरे के कारण उड़ानों के संचालन में गंभीर बाधा आई, जिससे कई उड़ानें रद्द और कई में देरी हुई। नागरिक उड्डयन मंत्रालय और हवाई अड्डा प्रबंधन मौसम की वास्तविक जानकारी के आधार पर स्थिति को नियंत्रित कर रहे हैं। एयरलाइन कंपनियों ने भी कोहरे के कारण अपनी उड़ानों में बदलाव और रद्दीकरण की जानकारी साझा की।

Image

दिल्ली में कोहरे का कहर! एयरपोर्ट पर 177 फ्लाइट्स रद्द, रेल यातायात भी प्रभावित

Delhi Airport Flight Delays: दिल्ली हवाई अड्डे पर शुक्रवार को घने कोहरे के कारण उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। इस स्थिति में कम से कम 177 उड़ानों को रद्द करना पड़ा, जबकि 500 से अधिक उड़ानों में देरी हुई। अधिकारियों के अनुसार, रद्द की गई उड़ानों में अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल थीं, जिनमें प्रस्थान और आगमन दोनों शामिल हैं। वेबसाइट ‘फ्लाइटरडार24.कॉम’ की जानकारी के अनुसार, हवाई अड्डे पर लगभग 500 उड़ानों के समय पर संचालन में बाधा आई। बात दें कि, ‘दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड’ (डीआईएएल) इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) का प्रबंधन करती है, जो भारत का सबसे बड़ा हवाई अड्डा है और सामान्यतः यहां रोजाना लगभग 1,300 उड़ानों का संचालन होता है।

बिना बाधा के उड़ानों का परिचालन

शुक्रवार दोपहर को ‘एक्स’ पर साझा किए गए एक संदेश में, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि वह भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के साथ मिलकर काम कर रहा है और मौसम की वास्तविक समय की जानकारी के आधार पर निर्णय लिए जा रहे हैं। वहीं, दिल्ली हवाई अड्डे के संचालक ‘डीआईएएल’ ने शाम 7.10 बजे ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ‘‘दिल्ली हवाई अड्डे पर परिचालन बिना किसी व्यवधान के सामान्य रूप से चल रहा है।’’ इसी के साथ, दिल्ली एयरपोर्ट ने 20 दिसंबर की सुबह एक ताजा एडवाइजरी जारी करते हुए लिखा कि, "दिल्ली एयरपोर्ट पर लो-विजिबिलिटी प्रोसीजर अभी भी चल रहे हैं। सभी फ्लाइट ऑपरेशन नॉर्मल तरीके से चल रहे हैं। पैसेंजर्स को सलाह दी जाती है कि वे फ्लाइट के लेटेस्ट अपडेट के लिए अपनी-अपनी एयरलाइन से कॉन्टैक्ट करें।"

एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें रद्द

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने शुक्रवार को बताया कि उसने दिल्ली से पुणे, रांची, इंदौर, पटना, गोवा, वाराणसी और जोधपुर सहित कई गंतव्यों के लिए अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं, इसके अलावा कुछ अन्य सेवाएं भी रद्द की गई हैं। एयरलाइन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ये उड़ानें घने कोहरे के कारण रद्द करनी पड़ीं।

इंडिगो ने क्या बताया?

इंडिगो ने शुक्रवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में जानकारी दी कि दिल्ली एनसीआर, अमृतसर, जबलपुर और जालंधर में सुबह के समय भी कड़ाके की ठंड और घना कोहरा देखा गया। एयरलाइन ने कहा, ‘‘दृश्यता में उतार-चढ़ाव के कारण उड़ानों के कार्यक्रम में बदलाव हुए हैं, और मौजूदा परिस्थितियों के चलते परिचालन सामान्य से धीमा रह सकता है। हमारी जमीनी टीम सुरक्षा और दृश्यता संबंधी मानकों का पालन सुनिश्चित करने को प्राथमिकता दे रही है।’’

रेल यातायात पर भी प्रभाव

घने कोहरे का असर रेल यातायात पर भी साफ दिखाई दे रहा है। कई ट्रेनें तय समय से घंटों देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेनों के देर से पहुंचने के कारण रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आसपास के शहरों से अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। एक अधिकारी के अनुसार, सुरक्षा कर्मी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ने और उतरने में सहयोग कर रहे हैं। नॉर्दर्न रेलवे ने शुक्रवार को दिल्ली पहुंचने वाली देरी से चल रही ट्रेनों की सूची जारी की, जिसमें लगभग 22 ट्रेनें शामिल थीं। इन ट्रेनों में देरी एक घंटे से लेकर करीब सात घंटे तक रही। प्रभावित रूट्स में नई दिल्ली से सुल्तानपुर, सहारनपुर और अमृतसर जाने वाली ट्रेनें भी शामिल हैं।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article