शहर

दिल्ली ने ओढ़ी धुंध की चादर; सोमवार को घने कोहरे का अलर्ट, दफ्तर जाने से पहले देख लें मौसम का हाल; AQI 390 पार

Delhi Fog Weather Update: दिल्ली का मौसम आज कल रोजाना ही करवट बदल रहा है और वायु गुणवत्ता खराब से बेहद खराब श्रेणी में चल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में सोमवार को बहुत घने कोहरे का 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

Image

दिल्ली में सोमवार को घने कोहरे की चेतावनी (फोटो साभार: PTI)

Photo : PTI

Delhi Fog Weather Update: दिल्ली का मौसम आज कल रोजाना ही करवट बदल रहा है और वायु गुणवत्ता खराब से बेहद खराब श्रेणी में चल रही है। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को वायु गुणवत्ता "बहुत खराब" श्रेणी में दर्ज की गई और समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 390 रहा।

घने कोहरे का अलर्ट

दिल्ली का सोमवार को मौसम कैसा रहने वाला है। इसको लेकर मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अहम जानकारी साझा की है। बकौल मौसम विभाग, दिल्ली में सोमवार को बहुत घने कोहरे का 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया गया है। साथ में सोमवार को दिल्ली का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 22 और 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

कहां कितना है AQI

सीपीसीबी की ‘समीर’ ऐप पर मौजूद आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के 19 निगरानी केंद्रों ने वायु गुणवत्ता को "गंभीर" श्रेणी में दर्ज किया है, जिसमें आनंद विहार में एक्यूआई सबसे ज्यादा 457 दर्ज किया गया है, जबकि शेष केंद्रों में वायु गुणवत्ता का स्तर "बहुत खराब" श्रेणी में दर्ज किया गया है।

सीपीसीबी मानकों के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है। मौसम विभाग के अनुसार, शहर में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 0.5 डिग्री कम है, जबकि अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 2.1 डिग्री अधिक है।

समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, वायु गुणवत्ता प्रबंधन के लिए निर्णय सहायता प्रणाली (DSS) के आंकड़ों से पता चला कि शनिवार को दिल्ली में प्रदूषण के कुल स्तर में वाहनों से होने वाले उत्सर्जन का सबसे बड़ा योगदान था, जो 16.2 प्रतिशत था। इसके बाद दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में उद्योगों से होने वाला उत्सर्जन (8.5 प्रतिशत), आवासीय उत्सर्जन (4 प्रतिशत) और बायोमास जलाने से होने वाला उत्सर्जन (1.6 प्रतिशत) रहा।

आंकड़ों के अनुसार, एनसीआर जिलों में, दिल्ली के प्रदूषण स्तर में सबसे अधिक योगदान हरियाणा के झज्जर का रहा, जो 17.5 प्रतिशत था, इसके बाद सोनीपत (5.8 प्रतिशत) और रोहतक (5.6 प्रतिशत) का स्थान रहा। पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में रहने की आशंका है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article