शहर

Kal Ka Mausam: देशभर में बढ़ेगी ठंड, कई राज्यों में कोहरे और शीतलहर का दिखेगा डबल अटैक; IMD का अलर्ट

Kal Ka Mausam, 29 December 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega: देशभर में ठंड और कोहरे का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। कई राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चला गया है और शीतलहर तथा कोल्ड डे की स्थितियां बन रही हैं। उत्तर भारत के कई हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा यातायात और जनजीवन को प्रभावित कर रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी करते हुए आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की चेतावनी दी है। ऐसे में आइए जानें कल के मौसम का हाल।

Image

Kal Ka Mausam: देशभर में बढ़ेगी ठंड, कई राज्यों में कोहरे और शीतलहर का दिखेगा डबल अटैक; IMD का अलर्ट

Kal Ka Mausam (कल का मौसम कैसा रहेगा): देशभर में मौसम का उतार-चढ़ाव बरकरार है। पिछले 24 घंटों के दौरान, कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 5°C से नीचे दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश और उत्तर पंजाब के कुछ क्षेत्रों में भी तापमान 5°C से कम रहा। वहीं दक्षिण पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तर राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर विदर्भ और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 5° से 10°C के बीच रहा। इसी क्रम में हरियाणा का हिसार सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.5°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 31 दिसंबर तक रात और सुबह के समय घना से अत्यधिक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में यह स्थिति 1 जनवरी तक बनी रह सकती है, जिसके बाद कोहरे में धीरे-धीरे कमी आने की उम्मीद है। इसके अलावा, पूर्वी मध्य प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश में कल 29 दिसंबर तक, जबकि उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार, असम-मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और ओडिशा में 1 जनवरी तक सुबह-शाम घना कोहरा पड़ने की संभावना जताई गई है। 29 दिसंबर को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में, तथा बिहार में शीत दिवस की स्थिति बनने की प्रबल संभावना है। वहीं पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में 29 दिसंबर तक, तथा झारखंड में शीत लहर चलने की आशंका है। साथ ही, 30 दिसंबर से एक पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है और 31 दिसंबर से इसके प्रभाव मैदानी इलाकों में भी दिखाई दे सकते हैं।

दिल्ली में कल का मौसम कैसा रहेगा?

दिल्ली में कल मौसम सामान्य तौर पर साफ रहने की संभावना है। सुबह के समय कई इलाकों में घना, जबकि कुछ जगहों पर अत्यधिक घना कोहरा छा सकता है। शहर में अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब रहेगा (करीब -0.5°C से 1.5°C के दायरे में), जबकि दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 1.0 से 3.0 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज हो सकता है। सुबह के समय हवाएं पश्चिम दिशा से चलेंगी और इनकी रफ्तार 15 किमी/घंटा से कम रहने की संभावना है। दोपहर के बाद से रात तक हवा उत्तर-पश्चिम दिशा में बहने की उम्मीद है। रविवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी की हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 392 तक पहुंच गया। यह जानकारी केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने साझा की। सीपीसीबी के ‘समीर’ ऐप के मुताबिक, शहर के 19 मॉनिटरिंग केंद्रों पर प्रदूषण स्तर ‘गंभीर’ श्रेणी में रिकॉर्ड किया गया। इनमें आनंद विहार का स्तर सबसे अधिक रहा, जहां ए़क्यूआई 444 तक पहुंच गया। बाकी अधिकतर केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी रही।

यूपी में कल का मौसम

हिमाचल प्रदेश में हुई बर्फबारी का असर अब मैदानों तक पहुंच गया है और दिल्ली के साथ उत्तर प्रदेश में भी ठंड तेज हो गई है। बाराबंकी, कानपुर सहित कई जिलों में तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री तक नीचे चला गया है। पिछले 24 घंटों में इटावा सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 29 से 31 दिसंबर के दौरान ठंड और बढ़ने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि अगले तीन दिनों तक उत्तर प्रदेश में कड़ाके की सर्दी बनी रह सकती है। कई क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहेगा और उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के चलते दिन में शीत-दिवस जैसी स्थिति बन सकती है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में थोड़ी और गिरावट दर्ज होने की संभावना है।

बिहार में कल के मौसम का हाल

बिहार में ठंड ने हालात मुश्किल कर दिए हैं। घने कोहरे और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को तीखी ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है और सामान्य जीवन काफी प्रभावित हो गया है। लगातार कई दिनों से धूप न निकलने के कारण लोग घरों में ही रहने को मजबूर हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिसंबर के बाकी दिनों में भी कोहरे और शीत-दिवस से खास राहत मिलने की संभावना नहीं है। इसके अलावा, 29 से 30 दिसंबर की सुबह तक भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल और उत्तर बिहार के कई जिलों में घना कोहरा और शीत-दिवस जैसी स्थिति बने रहने का अनुमान है। वहीं पटना, गया, जमुई, बांका समेत 13 जिलों में इस अवधि के लिए कोई विशेष चेतावनी नहीं दी गई है। 30 से 31 दिसंबर की सुबह तक पश्चिमी बिहार के जिलों में घने कोहरे और कोल्ड डे की आशंका बनी रहेगी, जबकि बाकी इलाकों में कुछ हद तक राहत मिल सकती है।

राजस्थान में ऐसा रहेगा कल का मौसम

जयपुर संभाग में जारी शीतलहर के कारण सर्दी ने कड़ा रूप ले लिया है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के सात शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया। रात के समय खेतों और खुले क्षेत्रों में पड़ी ओस कई जगह बर्फ की हल्की परत जैसी दिखी। मौसम विभाग ने 29 दिसंबर के लिए राज्य के पांच शहरों में शीतलहर का अनुमान जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम केंद्र जयपुर की जानकारी के अनुसार, अलवर, झुंझुनूं, सीकर, चूरू और डीडवाना-कुचामन में शीतलहर चलने की संभावना है। लोगों को ठंड से बचाव के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

न्यूनतम तापमान का पूर्वानुमान

न्यूनतम तापमान की बात करें तो, अगले 24 घंटों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद आने वाले तीन दिनों में तापमान धीरे-धीरे 2–4°C तक बढ़ सकता है, और फिर करीब 2°C की कमी दर्ज हो सकती है। केंद्रीय और पूर्वी भारत में भी अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर रहने का अनुमान है। इसके बाद अगले 2–3 दिनों में इसमें धीरे-धीरे 2–3°C तक बढ़ोतरी हो सकती है। देश के बाकी हिस्सों में अगले सात दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 30 दिसंबर से 2 जनवरी तक हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की व्यापक से लेकर अपेक्षाकृत व्यापक घटनाएं देखने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी इसी अवधि के दौरान अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या हिमपात हो सकता है। पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 31 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 29 से 31 दिसंबर और 1 जनवरी को गरज-चमक के साथ आंधी आने तथा हवाओं की रफ्तार 30–40 किमी/घंटा तक बढ़ने की संभावना जताई गई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article