Delhi-NCR Weather Alert: दिल्ली-एनसीआर में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कभी बादल छा रहे हैं तो कभी बारिश के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में आज दोपहर बाद बारिश का दौर तेज होने की संभावना है।
1:30 से 3:30 बजे के बीच बदलेगा मौसम का मिजाज
एनसीआर के पूर्वी हिस्से में गरज-चमक वाले बादल तेजी से विकसित हो चुके हैं, जो अगले तीन घंटों में पूरे दिल्ली-एनसीआर को प्रभावित कर सकते हैं। नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में दोपहर 1:30 से 3:30 बजे के बीच मध्यम से तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं, जबकि दिल्ली में 2 से 4 बजे और गुरुग्राम की ओर 3 से 5 बजे के बीच बारिश की संभावना है। ये बारिश के दौर तेज गति से आगे बढ़ेंगे और किसी एक स्थान पर करीब 30 से 60 मिनट तक रह सकते हैं। अधिकांश इलाकों में कुल बारिश 10 से 40 मिमी के बीच दर्ज होने का अनुमान है।
दिल्ली में कल का मौसम कैसा रहेगा?
12 सितंबर यानी कल दिल्ली-एनसीआर में आसमान सामान्य रूप से बादलों से घिरा रहेगा। सुबह तड़के से दोपहर तक कई इलाकों में एक-दो दौर की बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने की भी स्थिति बन सकती है। इसके बाद शाम से रात के बीच हल्की से मध्यम बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री कम रह सकता है। सुबह दक्षिण-पूर्व दिशा से हवाएं करीब 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी, जो दोपहर में बढ़कर 22 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। शाम और रात के समय हवा की गति घटकर करीब 18 किमी प्रति घंटे रहने की संभावना है।
