Delhi-NCR Pollution: 6 दिन कैसी रहेगी दिल्ली-एनसीआर की हवा? नाक में दम कर सकता है पॉल्यूशन; AQI तोड़ सकता है रिकॉर्ड!
- Authored by: Pushpendra Kumar
- Updated Dec 24, 2025, 11:41 PM IST
Delhi-NCR Pollution: दिल्ली-एनसीआर में अगले 6 दिनों तक हवा की क्वालिटी फिर से बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को सांस संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। फिलहाल, 13 दिनों बाद तेज हवाओं के चलते एक्यूआई में सुधार होने के चलते दिल्ली से ग्रैप-4 के प्रतिबंध हटा लिए गए हैं, लेकिन एक्यूआई लेवल बढ़ने के बाद इसे फिर से लागू किया जा सकता है।
दिल्ली एक्यूआई (फोटो-Istock)
Delhi-NCR Pollution: करीब दो सप्ताह तक खतरनाक 'स्मॉग' झेलने के बाद तेज हवाओं के असर से बुधवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया और यह खराब श्रेणी में पहुंच गई। हालांकि, आगे चलकर वायु गुणवत्ता का स्तर फिर से बिगड़ने की आशंका जताई गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बुधवार को 271 रहा, जो मंगलवार शाम चार बजे 'गंभीर' श्रेणी में दर्ज '412' से काफी बेहतर है। दिल्ली में इससे पहले 10 दिसंबर को वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई थी, जिसके बाद कई दिनों तक यह ‘बहुत खराब’ और ‘गंभीर’ स्तर पर बनी रही और अब फिर से इसमें सुधार देखा गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, अनुकूल मौसम परिस्थितियों, खासकर दिन के समय 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली सतही हवाओं, ने वायु गुणवत्ता में सुधार में मदद की। इस दौरान मुख्य रूप से उत्तर-पश्चिम दिशा से हवाएं चलीं, जिनकी रफ्तार दोपहर के समय 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के अनुसार, शाम और रात के दौरान पश्चिम दिशा से आने वाली हवा की गति घटकर 10 किमी प्रति घंटे से कम होने की उम्मीद है।
शहर में कार्यरत 40 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से चार केंद्रों - लोधी रोड, आईआईटी दिल्ली, आईजीआई हवाई अड्डा और आया नगर ने 200 से नीचे 'मध्यम' एक्यूआई स्तर दर्ज किया, जबकि 33 केंद्र खराब श्रेणी में थे। सीपीसीबी के समीर ऐप के अनुसार, केवल दो स्टेशनों - नेहरू नगर और द्वारका - में ही 300 से ऊपर 'बहुत खराब' श्रेणी में एक्यूआई दर्ज किया गया।
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बेहद खराब' और 401 से 500 के बीच को 'गंभीर' माना जाता है। अगले छह दिनों में दिल्ली की वायु गुणवत्ता फिर से 'बहुत खराब' श्रेणी में दर्ज की जा सकती है।
आईएमडी के अनुसार, बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था और न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक था। मौसम विज्ञान विभाग ने बृहस्पतिवार को क्रिसमस के दिन न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। सुबह के समय कई स्थानों पर हल्की से मध्यम धुंध छाई रहेगी, जिसके बाद आसमान साफ रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।