Delhi News: दिल्ली के भाटी माइंस इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां 13 वर्षीय एक बच्चे की हत्या से हड़कंप मच गया। सोमवार को खेलते समय लापता होने के बाद उसका शव जंगल से संदिग्ध हालत में मिला। शुरुआती जांच में गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में 2 नाबालिगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है।
दोस्तों के साथ खेलने गया था बच्चा
परिजनों के अनुसार, 13 वर्षीय आयुष सोमवार को अपने दोस्तों के साथ खेलने के लिए गया था। लेकिन देर रात तक वह घर वापस नहीं आया। जिसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। मंगलवार को भाटी माइंस के पास स्थित जंगल से बच्चे का का शव बरामद हुआ। इस खबर से इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के असली कारणों की पता चल सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है। साथ ही आयुष के दोस्तों और स्थानीय लोगों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। फिलहाल दिल्ली पुलिस ने दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
स्थानीय लोगों का फूटा गुस्सा
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार को परिजनों और स्थानीय लोगों ने संजय कॉलोनी स्थित पुलिस चौकी का घेराव किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान कुछ समय के लिए सड़क जाम की गई। जिससे यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर हालात को काबू में किया। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
