शहर

संडे को जल्दी शुरू होगा Delhi Metro का सफर; कल सुबह 3 बजे से चलेंगी ट्रेनें, जानें आपके रूट का टाइमिंग

दिल्ली मेट्रो ने रविवार को होने वाली 'पीएनबी सोल्जरथॉन' मैराथन के लिए कमर कस ली है। हजारों धावकों और दर्शकों की सुविधा को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने कल यानी 5 अप्रैल को अपनी चुनिंदा लाइनों पर सेवाएं तड़के सुबह 3 बजे से ही शुरू करने का फैसला लिया है।

Image

कल जल्दी शुरू होंगी कई मेट्रो (सांकेतिक चित्र: PTI)़

Photo : PTI

रविवार, 5 अप्रैल को जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में आयोजित होने वाली 'पीएनबी सोल्जरथॉन 2026' मैराथन के लिए दिल्ली मेट्रो ने खास तैयारी की है। आमतौर पर रविवार को देरी से शुरू होने वाली मेट्रो सेवा कल तड़के सुबह 3 बजे से ही उपलब्ध होगी। यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि देश भर से आने वाले रक्षा कर्मी, पूर्व सैनिक और नागरिक समय पर स्टेडियम पहुंच सकें और सड़कों पर जाम की स्थिति न बने।

इन 3 लाइनों पर मिलेगी विशेष सुविधा

DMRC के अनुसार, सुबह 3 बजे से 6 बजे के बीच केवल तीन प्रमुख लाइनों पर मेट्रो सेवाएं उपलब्ध होंगी:

येलो लाइन (Yellow Line): समयपुर बादली से मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम तक।

ब्लू लाइन (Blue Line): द्वारका सेक्टर-21 से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी और वैशाली तक।

वॉयलेट लाइन (Violet Line): कश्मीरी गेट से राजा नाहर सिंह (बल्लभगढ़) तक।

इनके अलावा अन्य सभी लाइनों पर मेट्रो सेवाएं अपने नियमित रविवार के टाइमटेबल के अनुसार ही शुरू होंगी।

हर 30 मिनट में मिलेगी ट्रेन

तड़के सुबह 3 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक, इन तीनों लाइनों पर मेट्रो ट्रेनें हर 30 मिनट के अंतराल पर संचालित होंगी। सुबह 6 बजे के बाद, पूरी दिल्ली में मेट्रो सेवाएं अपने सामान्य रविवार के शेड्यूल के अनुसार चलने लगेंगी। चूंकि जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम का सबसे नजदीकी स्टेशन वॉयलेट लाइन पर है, इसलिए धावकों के लिए यह रूट सबसे सुविधाजनक होगा।

क्या है 'पीएनबी सोल्जरथॉन'

पंजाब नेशनल बैंक की 132वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित इस मैराथन की थीम "रन विद सोल्जर्स, रन फॉर सोल्जर्स" रखी गई है। इसमें 21 किमी हाफ मैराथन, 10 किमी और 5 किमी की श्रेणियां शामिल हैं। कार्यक्रम का रिपोर्टिंग टाइम सुबह 4:15 बजे है और फ्लैग ऑफ (दौड़ की शुरुआत) सुबह 5:00 बजे से होगी। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य हमारे सैनिकों के सम्मान और उनके कल्याण के लिए फंड जुटाना है।

यात्रियों के लिए जरूरी सलाह

DMRC ने प्रतिभागियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें। शुरुआती घंटों में स्टेशनों के केवल चुनिंदा प्रवेश और निकास द्वार (Entry/Exit Gates) ही खुले रखे जा सकते हैं। मेट्रो प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न केवल स्टेडियम के पास पार्किंग का दबाव कम होगा, बल्कि प्रदूषण को रोकने में भी मदद मिलेगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!