शहर

दिल्ली में पैदल यात्रियों की समस्या निपटाने की तैयारी, 60 नए फुटओवर ब्रिज पर हो रहा विचार

Delhi News: दिल्ली में बढ़ते ट्रैफिक और पैदल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार के सामने फुटओवर ब्रिज (FOB) बनाने के 60 प्रस्ताव आए हैं। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इन सुझावों को आगे की जांच और अध्ययन के लिए मुख्य इंजीनियरों को भेज दिया है। यातायात पुलिस और PWD मिलकर इन स्थानों का निरीक्षण करेंगे।

Image

दिल्ली में 60 फुटओवर ब्रिज बनाने को लेकर विधायकों को मिले प्रस्ताव (AI Image)

Delhi News: दिल्ली में सड़कों पर भीड़भाड़ का सामना केवल गाड़ियों को नहीं करना होता है बल्कि पैदल यात्री भी ट्रैफिक से उतने ही परेशान होते हैं। ऐसे में लोगों ने सरकार के सामने पैदल यात्रियों और ट्रैफिक से जुड़ी परेशानियों को कम करने के लिए 60 फुटओवर ब्रिज (FOB) बनाने के प्रस्ताव भेजे हैं।

FOB बनवाने के मिले 60 सुझाव

लोक निर्माण विभाग (PWD) के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने पिछले साल सभी विधायकों को पत्र लिखकर उनके संबंधित क्षेत्रों में यातायात जाम की समस्याओं को हल करने के लिए सुझाव मांगे थे। हाल ही में संपन्न दिल्ली विधानसभा के शीतकालीन सत्र में सीमापुरी से विधायक वीर सिंह धींगन को दिए गए लिखित जवाब में सरकार ने यह जानकारी दी कि विधायकों से FOB बनवाने के संबंध में 60 सुझाव मिले हैं, जिनमें से सभी को आगे के अध्ययन के लिए विभिन्न मुख्य इंजीनियरों को भेज दिया गया है।

किन इलाकों के लिए आए प्रस्ताव

कुछ प्रमुख प्रस्तावों आजादपुर मंडी गेट नंबर 5, गाजीपुर रोड पर क्राउन प्लाजा के पास, अंधेरिया मोड़, हरचरण बाग के पास छतरपुर मेट्रो स्टेशन, टीबी अस्पताल क्रॉसिंग, कुतुब मीनार गेट के सामने, जेएनयू गेट के सामने, मौजपुर चौक के पास, नंद नगरी में जीटीबी एन्क्लेव, रोहिणी सेक्टर-24 और नंद नगरी डिपो के FOB शामिल है। इनके अलावा 50 और जगहें हैं जहां लोगों की ओर से फुटओवर ब्रिज का प्रस्ताव मिला है।

अब आगे क्या

समाचार एजेंसी भाषा को PWD के एक अधिकारी ने बताया कि प्रक्रिया के अनुसार, PWD विधायकों के साझा किए गए स्थानों का यातायात पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर इंस्पेक्शन करेगी और फिर मामले पर आगे की मंजूरी के लिए PWD की सबवे समिति विचार करेगी, जिसके बाद टेंडर जारी किए जाएंगे। बता दें कि प्रवेश साहिब सिंह वर्मा यातायात जाम संबंधी उच्च स्तरीय समिति के प्रमुख हैं। इस समिति में यातायात पुलिस और PWD के अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने स्थानीय प्रतिनिधियों से उन क्षेत्रों की पहचान करने के लिए कहा था जहां फ्लाईओवर का निर्माण किया जा सकता है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article