Delhi Meerut Expressway Traffic Update: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) का सफर करने वालों के लिए आने वाले कुछ महीने धैर्य की परीक्षा लेने वाले साबित हो सकते हैं। अगर आप भी शाम के वक्त गाजियाबाद या मेरठ की ओर जाते हैं, तो अपनी यात्रा की प्लानिंग जरा संभलकर करें। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इस रूट पर मेंटेनेंस का काम शुरू कर दिया है, जिसके चलते इस रूट पर ट्रैफिक की रफ्तार सुस्त रहने वाली है।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर शाम के समय बढ़ेगी परेशानी
दिल्ली से मेरठ और गाजियाबाद को जोड़ने वाला यह प्रमुख कॉरिडोर अब निर्माण कार्य की जद में है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, एक्सप्रेसवे (NEP-03) के एक हिस्से पर फिलहाल मरम्मत का काम चल रहा है। जिसका सबसे ज्यादा असर शाम के पीक ऑवर्स (शाम 5:00 बजे से रात 11:00 बजे तक) के दौरान देखने को मिल रहा है, जब गाड़ियों का दबाव अपने चरम पर होता है।
कब तक चलेगा जाम (Delhi Meerut Expressway Traffic Update)
मरम्मत कार्य के कारण एक्सप्रेसवे की कुछ लेनों को बंद किया गया है, जिसकी वजह से सड़क की क्षमता कम हो गई है। NHAI ने स्पष्ट किया है कि यह काम केवल एक तरफ नहीं, बल्कि बारी-बारी से दोनों कैरिजवे पर किया जाएगा। यह सिलसिला 30 जून 2026 तक चलने की उम्मीद है। ऐसे में गर्मी की छुट्टियों और आने वाले महीनों में यात्रियों को जाम का सामना करना पड़ सकता है।
जाम से कैसे बचें (Delhi Meerut Expressway Alternative Route)
ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एक्सप्रेसवे के मुख्य कैरिजवे पर फंसने के बजाय वैकल्पिक रास्तों का चुनाव करें। गाजियाबाद और मेरठ की ओर जाने के लिए यात्री NH-09 का उपयोग कर सकते हैं। पीक ऑवर्स के दौरान यहां ट्रैफिक की स्थिति एक्सप्रेसवे के मुकाबले बेहतर रहने की उम्मीद है।
सावधानी और सुझाव (Delhi Meerut Expressway Traffic Helpline No)
ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे सफर शुरू करने से पहले अतिरिक्त समय लेकर चलें। मौके पर मौजूद ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करें और रोड साइनेज पर नजर रखें। किसी भी आपात स्थिति या रियल-टाइम अपडेट के लिए आप दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट, सोशल मीडिया हैंडल या हेल्पलाइन नंबर (1095 / 011-25844444) पर संपर्क कर सकते हैं।
