शहर

Delhi Weather Today: सावधान! आज दिल्ली में धूल भरी आंधी के साथ गिरेगी बिजली; IMD का अलर्ट, दिनभर रुक-रुक कर होगी बारिश

दिल्ली का मौसम (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 18 Feb 2026: दिल्ली-NCR में आज बुधवार को मौसम का बड़ा उलटफेर होने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से 45 किमी/घंटा की रफ्तार वाली आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जहां आज की बारिश से बढ़ते पारे पर लगाम लगेगी, वहीं मौसम विभाग (IMD) ने अगले हफ्ते तापमान के 32 डिग्री तक पहुंचने की चेतावनी भी दी है। जानें आने वाले घंटों में कैसा रहने वाला है दिल्ली का मौसम।

Image

दिल्ली में बारिश-आंधी का येलो अलर्ट

Photo : Times Now Digital

दिल्ली में आज का मौसम (18 Feb 2026): दिल्ली-NCR में पिछले कुछ दिनों से समय से पहले आ गई गर्मी ने लोगों को हैरान कर दिया था। फरवरी के महीने में ही मार्च और अप्रैल जैसी तपिश महसूस होने लगी थी, लेकिन आज यानी 18 फरवरी को मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। बुधवार की सुबह से ही नोएडा समेत दिल्ली NCR के कई इलाको में बादलों का डेरा देखने को मिल रही है, साथ ही बूंदाबादी भी हो रही है। नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के इलाकों में तो रात से ही चमक-गरज के साथ बारिश हो रही है। सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से आज राजधानी और आसपास के इलाकों में धूल भरी आंधी और बारिश का दौर चलने की काफी अधिक संभावना है, जिससे पारा थोड़ा नीचे लुढ़केगा।

दोपहर में छा सकता है अंधेरा

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज दिल्ली-NCR में मौसम के कई रंग देखने को मिलेंगे। सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा देखा जा सकता है। दोपहर के समय मौसम अधिक बिगड़ सकता है, जब 30 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बादलों की सघनता और आंधी के कारण दिन में भी अंधेरे जैसा अहसास हो सकता है। रुक-रुक कर होने वाली यह बारिश शाम तक जारी रह सकती है। इसको लेकर IMD ने येलो अलर्ट भी जारी किया है।

तापमान में उतार-चढ़ाव

बीते सोमवार और मंगलवार को दिल्ली में भीषण गर्मी दर्ज की गई थी, जहां पारा सामान्य से 6.5 डिग्री ऊपर यानी 30.9 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा था। आज होने वाली बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है, जिससे दिन का तापमान 27-28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि, बादलों की मौजूदगी की वजह से न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होगी और यह 14-15 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया जा सकता है।

अगले सप्ताह का चौंकाने वाला पूर्वानुमान

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आज की बारिश से मिलने वाली राहत बहुत ही कम समय के लिए होगी। 21 फरवरी तक तो मौसम सुहावना बना रहेगा, लेकिन 22 फरवरी से गर्मी का एक नया और जोरदार दौर शुरू होने वाला है। IMD के चौंकाने वाले आंकड़ों के मुताबिक, 23 फरवरी तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस को छू सकता है। इसका मतलब है कि फरवरी के खत्म होने से पहले ही दिल्ली वालों को तेज गर्मी का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा।

पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में नमी

एक तरफ जहां दिल्ली-NCR आंधी और बारिश का सामना कर रहा है, वहीं पहाड़ी राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी का दौर जारी रहने का अनुमान है। पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों में नमी बढ़ाएंगी, जिससे सुबह और शाम के समय हल्की सिहरन बनी रह सकती है। फिलहाल, आज की बारिश प्रदूषण के स्तर में सुधार और धूल से राहत दिलाने में मददगार साबित होगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!