दिल्ली में आज का मौसम (1 Mar 2026): दिल्लीवालों के लिए ठंड अब बीती बात हो गई है। राजधानी में सूरज के तेवर इस कदर तल्ख हो गए हैं कि फरवरी ने जाते-जाते पिछले तीन सालों की गर्मी के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। आमतौर पर मार्च के मध्य में महसूस होने वाली तपिश इस बार फरवरी के आखिरी हफ्ते में ही हावी हो गई। आलम यह है कि दिल्ली में सर्दी अपने तय वक्त से करीब 15 दिन पहले ही विदाई ले चुकी है और अब दोपहर की धूप मई-जून का अहसास कराने लगी है।
तीन साल की सबसे गर्म फरवरी
शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.4 डिग्री अधिक है। 2023 के बाद यह फरवरी का सबसे गर्म दिन रहा। सिर्फ दिन ही नहीं, बल्कि रातें भी अब गर्म होने लगी हैं। न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री तक पहुँच गया है, जो इस सीजन में पहली बार इतना अधिक दर्ज किया गया। रिज और लोधी रोड जैसे इलाकों में तो पारा 33 डिग्री के करीब पहुँच गया, जिससे पूरी दिल्ली 'हॉट स्पॉट' नजर आने लगी।
मार्च में ही 'जून' जैसी गर्मी का अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) की मानें तो यह तो बस शुरुआत है। 1 मार्च से ही तापमान में और बढ़ोत्तरी होने के आसार हैं। अगले 5 से 6 दिनों के भीतर NCR का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस को छू सकता है। विभाग ने चेतावनी दी है कि मार्च और अप्रैल में ही इस बार झुलसाने वाली गर्मी पड़ सकती है। फिलहाल 33 किमी/घंटा की रफ्तार से चल रही हवाएं तापमान को बहुत तेजी से बढ़ने से रोक रही हैं, लेकिन जैसे ही इनकी गति कम होगी, लू (Heatwave) जैसा अहसास होने लगेगा।
प्रदूषण और ला-नीना का दोहरा वार
इस बार की फरवरी न केवल गर्म रही, बल्कि पिछले तीन वर्षों में सबसे प्रदूषित भी दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 'ला-नीना' की स्थिति कमजोर हो रही है और समुद्री परिस्थितियां सामान्य की ओर बढ़ रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि मानसून के दौरान 'अल-नीनो' विकसित हो सकता है, जिससे न केवल गर्मी बढ़ेगी बल्कि दक्षिण-पश्चिम मानसून भी कमजोर पड़ सकता है। यह स्थिति आने वाले महीनों में सूखे का खतरा भी पैदा कर सकती है।
होली पर कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम
गर्मी का असर इतना ज्यादा है कि फरवरी के आखिरी हफ्ते से ही घरों में पंखे चलने लगे हैं। सुबह-शाम की जो हल्की ठंडक बची थी, वह भी अब गायब हो चुकी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार होली पर भी लोगों को तेज धूप और उमस का सामना करना पड़ेगा। हवाओं की रफ्तार कम होने पर उमस और तपिश का कॉम्बो दिल्लीवालों की मुश्किलें और बढ़ा सकता है।
