शहर

Delhi Dehradun Expressway पर खुल गया रेस्त्रां, 90 रुपये में मिली लस्सी; दूसरे ट्रिप में मैंने यहां झेली भारी परेशानी

Delhi Dehradun Expressway पर कल मैंने दूसरी बार सफर किया। एक्सप्रेसवे को खुले एक महीना हो गया और अब भी यहां कई दिक्कतें हैं। यहां एक रेस्त्रां में बढ़िया लस्सी ने ठंडक पहुंचाई, लेकिन हरिद्वार से आते हुए दिक्कत हुई।

Image

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर दूसरा ट्रिप पर खूबियां-खामियां

Delhi Dehradun Expressway को लेकर आपने कितनी ही खबरें पढ़ी और सुनी होंगी। 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था। तब से लगभग हर वीकेंड पर देहरादून और मसूरी में भारी ट्रैफिक देखने को मिल रहा है। अब इस एक्सप्रेसवे को खुले हुए एक महीना पूरा हो चुका है। कल यानी गुरुवार 14 मई को मैंने एक बार फिर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर सफर किया। इससे पहले 1 मई को भी मैंने इसी Delhi Dehradun Economic Corridor पर सफर किया था। तब मैंने इस बारे में अपना एक्सपीरियंस भी आपके साथ शेयर किया था। जिसे आप यहां क्लिक करके पढ़ सकते हैं

अब एक्सप्रेसवे को खुले हुए एक महीना पूरा हो गया है। 14 अप्रैल को उद्घाटन के ठीक एक महीने बाद यानी 14 मई को मैंने इस Expressway पर सफर किया। कल इस एक्सप्रेसवे पर एक सुखद अनुभव हुआ, जिसे आप तक पहुंचाना जरूरी है। क्योंकि एक बार फिर वीकेंड आ गया है। कल यानी शनिवार 16 और रविवार 17 मई को आपने भी वीकेंड पर देहरादून, मसूरी, हरिद्वार, ऋषिकेष, चकराता, टिहरी, धनौल्टी, कनातल जैसे इलाकों में जाने का प्लान बनाया होगा। इन तमाम हिल स्टेशनों तक पहुंचने के लिए सबसे तेज और सुरक्षित रास्ता तो दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे ही है।

कैसा रहा अनुभव

जब आप दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से देहरादून की ओर जाते हैं तो आपको अब एक महीना पूरा होने के बाद भी यही सलाह दी जाती है कि पूरी तैयारी के साथ जाएं। भले ही एक्सप्रेसवे को शुरू हुए एक महीना पूरा हो चुका है, लेकिन अब भी रोड साइड फैसिलिटीज शुरू नहीं हुई हैं। इस पूरे एक्सप्रेसवे पर आपको कहीं भी पेट्रोल, डीजल या सीएनजी पंप नहीं मिलेंगे, EV Charging की सुविधा नहीं मिलेगी। यही नहीं दिल्ली से देहरादून की ओर जाने पर आपको बागपत, बड़ौत सहित कई वेसाइड अमेनिटीज अभी बन ही रही हैं। इन पर चाय-बिस्किट तक कुछ नहीं मिलता। बड़ौत के वेसाइड अमेनिटीज पर टॉयलेट जरूर बना हुआ है और यहां पर एक छोटी सी दुकान खुली है, जहां कुछ चिप्स और आपकी किस्मत अच्छी हुई तो चाय मिल सकती है। सभी जगहों पर काम तेजी से चल रहा है और उम्मीद है कि अगले 6 महीने में इनमें से कई साइट्स पर ज्यादातर सुविधाएं मिलने लगेंगी। कम से कम आप कुछ देर रुककर खा-पी तो पाएंगे।

Delhi Dehradun Expressway Bagpat Board.

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर लगा बोर्ड

देहरादून से दिल्ली की ओर आने में राहत

वीकेंड पर जा रहे हैं तो भले ही देहरादून जाते समय आपको सुविधाएं न मिलें। लेकिन लौटते समय आपको कुछ राहत जरूर मिल सकती है। क्योंकि आपके बागपत पहुंचने से पहले एक बन रही रोड साइड फैसिलिटी में एक Restaurant शुरू हो चुका है। एक्सप्रेसवे के बीच यहां रुककर आप कुछ देर अपनी कार को आराम दे सकते हैं। यहां पर आपकी कार के लिए हवा, ईंधन आदि कुछ भी नहीं है, लेकिन आपके लिए शौचालय की व्यवस्था तो है ही, साथ ही खाने-पीने की भी अच्छी व्यवस्था है।

Delhi Dehradun Expressway Restaurant

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर खुला रेस्त्रां

90 रुपये की लस्सी, 50 की चाय

हालांकि, यहां बना रेस्त्रां अब भी टिन के कंटनेर नुमा एक बड़े हॉल में चलाया जा रहा है। लेकिन रास्ते के बीच यह एक सुविधा है। तेज धूप के कारण लोहे का यह कंटेनर अच्छा खासा गर्म हो जाता है, लेकिन एसी-कूलर से इसे ठंडा रखने की भरपूर कोशिश की जा रही है। इसके बावजूद अंदर ठीक-ठाक गर्म है। हालांकि, एक्सप्रेसवे पर मई की गर्मी के बीच इस कंटेनर नुमा रेस्त्रां के अंदर तापमान में 10 डिग्री का अंदर तो आपको महसूस होगा ही। इस रेस्त्रां में रुककर हमने भी कुछ क्षण बिताए, जहां पर 90 रुपये में एक कुल्हड़ लस्सी और 50 रुपये की चाय मिल जाती है।

हरिद्वार से आ रहे हैं तो यहां सावधान

अगर आप हरिद्वार की तरफ से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करके दिल्ली की तरफ आ रहे हैं तो सावधान रहें। क्योंकि शामली के पास मुजफ्फरनगर बाई पास से आने पर गूगल मैप आपको लेफ्ट में रास्ता दिखाता है। लेकिन यह लेफ्ट में जाने वाला रास्ता आगे बंद है। यही नहीं यहां बने फ्लाइओवर के साथ-साथ जाने वाली सड़क का इस्तेमाल करके आप जब इस रोड पर जाते हैं तो कई ब्लाइंड स्पॉट हैं, जहां पर दूसरी तरफ से आने वाली गाड़ियां दिखती नहीं हैं। हालांकि, इस रास्ते पर आपको नहीं जाना है, फिर भी चले जाएं तो सावधानी से गाड़ी चलाएं।

Delhi Dehradun Expressway Haridwar Cut

हरिद्वार से दिल्ली की ओर आने पर यहां ध्यान दें

दिल्ली की तरफ जाने के लिए आपको मुजफ्फनगर बाईपास वाली रोड पर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को क्रॉस करके कुछ आगे बढ़ना होगा। फिर वहां पर बने फ्लाईओवर से पहले लेफ्ट कट लेकर आप टोल चुकाकर आगे बढ़ेंगे तो क्लोवर लीफ पर चढ़ें और दाईं तरफ चलते रहें क्योंकि यहां पर बाईं ओर देहरादून के लिए कट बना है। पूरा क्लोवर लीफ घूमने के बाद आप दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर दिल्ली की तरफ बढ़ने लगेंगे।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article