शहर

Delhi Crime: आपसी रंजिश में खूनी खेल; पीठ में धंसा चाकू लेकर जान बचाने भागा युवक, रास्ते में तड़प कर तोड़ा दम

Delhi Crime News: दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके में आपसी रंजिश के चलते 30 वर्षीय रिक्शा की चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Image

दिल्ली पुलिस ने शुरू की जांच (सांकेतिक चित्र | ANI)

Photo : ANI

Delhi Crime News: देश की राजधानी दिल्ली का शाहबाद डेरी इलाका एक बार फिर सरेराह हुई जघन्य हत्या से दहल उठा है। यहां आपसी रंजिश के चलते बेखौफ बदमाशों ने 30 वर्षीय एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पीठ में धंसा चाकू लेकर पीड़ित अपनी जान बचाने के लिए सड़क पर कुछ दूर तक भागा, लेकिन अत्यधिक खून बहने के कारण वह रास्ते में ही गिर गया और तड़प कर दम तोड़ दिया।

रीढ़ की हड्डी में धंसा चाकू

मृतक की पहचान 30 वर्षीय नारायण दत्त तिवारी के रूप में हुई है। नारायण दत्त पेशे से रिक्शा चालक था और रिक्शा चलाकर ही मेहनत-मजदूरी से अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। जानकारी के मुताबिक, शनिवार को आपसी रंजिश के चलते कुछ बदमाशों ने उसे रास्ते में घेर लिया और उस पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ वार करने लगे। हमले के दौरान जब नारायण ने भागने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उसकी पीठ में चाकू मार दिया। नारायण दत्त तिवारी खुद को बचाने के लिए आगे भागा, लेकिन कुछ ही दूरी पर ज्यादा खून बह जाने के कारण वह सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

जांच के लिए उतरीं पुलिस की स्पेशल टीमें

सरेआम हुई इस खौफनाक चाकूबाजी के बाद शाहबाद डेरी इलाके में भारी दहशत और तनाव का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस, दिल्ली पुलिस की क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पुलिस घायल को लेकर फौरन अस्पताल भागी, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने मौका-ए-वारदात से अहम वैज्ञानिक साक्ष्य और खून के नमूने एकत्र किए हैं।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपी फरार

नारायण दत्त तिवारी की निर्मम हत्या करने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया है। पुलिस घटना स्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। स्थानीय लोगों और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है कि नारायण का हाल ही में किससे और क्या विवाद हुआ था।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article