Delhi Traffic Advisory: राजधानी दिल्ली में आज, रविवार दोपहर से मध्य और उत्तरी दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में भारी जाम और ट्रैफिक पाबंदियों का सामना करना पड़ सकता है। लाल किला परिसर में आज 'जनजाति सांस्कृतिक समागम' (Janjati Saanskritik Samagam) का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें लगभग 1 लाख लोगों के जुटने की संभावना है। इस समागम के मद्देनजर दिल्ली के 5 अलग-अलग स्थानों से विशाल शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी जो लाल किले की तरफ बढ़ेंगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दोपहर 12:00 बजे से लेकर देर रात तक के लिए कई प्रमुख रास्तों को बंद और डायवर्ट करने की घोषणा की है।
इन 5 जगहों से निकलेंगी शोभा यात्राएं
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, दोपहर से ही दिल्ली के कुछ मुख्य केंद्रों से शोभा यात्राओं की शुरुआत होगी, जिससे इनसे जुड़े रास्तों पर सामान्य यातायात प्रभावित रहेगा। इन इलाकों में श्यामगिरी मंदिर, रामलीला मैदान, राजघाट, कुदसिया पार्क और अजमेरी गेट शामिल हैं। अगर आपको भीड़ और जाम से बचना है तो इन रास्तों से आज परहेज करें।
बंद और प्रभावित रहने वाले मेन रूट
विभिन्न शोभा यात्राओं और भीड़ को देखते हुए निम्नलिखित सड़कों पर ट्रैफिक प्रतिबंधित या डायवर्ट रहेगा:
नेताजी सुभाष मार्ग: दिल्ली गेट चौक से छत्ता रेल तक (दोनों कैरिजवे) दोपहर 12:00 बजे से लेकर रात 03:00 बजे तक पूरी तरह प्रभावित रहेगा।
निषाद राज मार्ग: दोनों कैरिजवे दोपहर 12:00 बजे से रात 03:00 बजे तक बंद/प्रतिबंधित रहेंगे।
लोथियन रोड और एसपीएम मार्ग: कोड़िया पुल से छत्ता रेल तक दोपहर 12:00 से शाम 05:00 बजे तक ट्रैफिक बंद रहेगा।
जेएलएन मार्ग: अजमेरी गेट चौक से गुरु नानक चौक और राजघाट से दिल्ली गेट तक दोपहर 12:00 से शाम 04:00/05:00 बजे तक प्रतिबंध रहेगा।
जीटी करनाल रोड (लाला हरदेव सहाय मार्ग): शास्त्री पार्क से तीस हजारी तक दोपहर 12:00 से शाम 04:00 बजे तक।
आसफ अली रोड: तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट चौक तक दोपहर 12:00 से शाम 04:00 बजे तक।
मिंटो रोड व डीबीजी रोड: मिंटो रोड रेड लाइट से कमला मार्केट और झंडेवालान से अजमेरी गेट तक दोपहर 12:00 से 04:00 बजे तक।
इसके अलावा आईटीओ (ITO) चौक, बहादुर शाह जफर (BSZ) मार्ग, डीडीयू मार्ग, चवरी बाजार रोड, राजपुरा रोड और सलीमगढ़ बाईपास (चंदगी राम अखाड़ा से आईपी फ्लाईओवर) पर भी भारी जाम की स्थिति बनी रह सकती है।
रेलवे स्टेशनों और ISBT जाने वाले यात्रियों के लिए जरूरी डायवर्जन
यदि आपको आज रेलवे स्टेशन या बस अड्डे जाना है, तो ट्रैफिक पुलिस ने निम्नलिखित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है। पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन की तरफ जाने वाले यात्री सीधे रास्तों के बजाय रानी झांसी फ्लाईओवर से मोरी गेट, मोरी पुल डफरिन वाले रूट का इस्तेमाल करें। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, अजमेरी गेट जाने वाले यात्री डीबीजी रोड (DBG Road) पर जाने से बचें। इसके बदले पंचकुइयां रोड, मिंटो रोड और भवभूति मार्ग का उपयोग करें। दोपहर 12 से 4 बजे के बीच झंडेवालान से अजमेरी गेट की तरफ बसों और कमर्शियल वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। कश्मीरी गेट बस अड्डे जाने वाले यात्रियों को युधिष्ठिर सेतु के नीचे रिंग रोड का उपयोग करने की सलाह दी गई है। दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक रणजीत सिंह फ्लाईओवर और रणजीत सिंह मार्ग पर बसों और कमर्शियल वाहनों की अनुमति नहीं होगी। इन्हें ITO और आईपी मार्ग की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
यात्रियों के लिए दिल्ली पुलिस की जरूरी गाइडलाइंस
ट्रैफिक पुलिस ने अपील की है कि सेंट्रल और नॉर्थ दिल्ली जाने के लिए निजी वाहनों के बजाय दिल्ली मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। यदि रेलवे स्टेशन या ISBT जाना अनिवार्य हो, तो जाम की आशंका को देखते हुए घर से पर्याप्त अतिरिक्त समय लेकर निकलें। किसी भी सड़क पर अवैध रूप से वाहन पार्क न करें, अन्यथा क्रेन द्वारा गाड़ी उठा ली जाएगी। नए ट्रैफिक अपडेट के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एक्स (X) हैंडल पर नजर रखें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
