शहर

'कभी भी हो सकती है हत्या' - बहनों ने CM योगी से लगाई गुहार, ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना का आरोप

ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में दो सगी बहनों ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें महिलाओं ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

Image

ग्रेटर नोएडा में दो बहनों ने दहेज प्रताड़ना का वीडियो किया शेयर

Greater Noida Dowry Case: ग्रेटर नोएडा से दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां दादरी कोतवाली क्षेत्र में दो सगी बहनों ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित महिलाओं ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो जारी किया है, जिसमें वे पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, मीडिया और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाती हुई नजर आ रही हैं।

3 साल पहले सगे भाइयों से हुई बहनों की शादी

जानकारी के अनुसार, दोनों बहनें बागपत जिले के घिटोरा गांव की रहने वाली हैं, जिनकी शादी करीब तीन साल पहले दादरी क्षेत्र के चिटहेरा गांव निवासी दो सगे भाइयों से हुई थी। वायरल वीडियो में दोनों महिलाएं रोते हुए आरोप लगा रही हैं कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले उन्हें दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। उनका कहना है कि ससुराल पक्ष द्वारा उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है और जान से मारने की धमकी भी दी गई है।

पति और ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

वीडियो में पीड़ित बहनें ससुराल पक्ष पर आरोप लगाते हुए कह रही हैं कि ये लोग दहेज के लोभी है और कभी भी उनकी हत्या कर सकते हैं। उन्होंने वीडियो में आरोप लगाया कि एक बार उनमें से एक बहन की हत्या की कोशिश भी की गई थी, लेकिन दूसरी बहन ने उसे बचा लिया। महिलाओं का यह भी कहना है कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों के सबूत मिटाने के लिए ससुराल पक्ष ने कैमरों का सेटअप बॉक्स तक हटा दिया।

वीडियो में दोनों महिलाएं हाथ जोड़कर समाज और पुलिस प्रशासन से मदद की अपील करती दिखाई दे रही हैं। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसका पूरा जिम्मेदार उनका ससुराल पक्ष होगा। सोशल मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया। पुलिस के अनुसार दोनों पतियों और उनके परिजनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो में लगाए गए सभी आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article