Delhi Crime News: देश की राजधानी दिल्ली के बाहरी उत्तरी जिले के मुकुंदपुर इलाके में रिश्तों को पूरी तरह शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी पिता ने अपनी ही 10 महीने की दुधमुंही बच्ची की कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पिता घर में लगातार दो बेटियां होने के कारण बेहद परेशान रहता था और इसी बात को लेकर अक्सर अपनी पत्नी से विवाद और मारपीट भी करता था। इसी मानसिक सनक के चलते उसने अपनी ही मासूम बच्ची की जान ले ली।
शव सेप्टिक टैंक में फेंका, दिनभर करता रहा बच्ची की चोरी का नाटक
आरोप है कि कलयुगी पिता ने बच्ची की हत्या करने के बाद सबूत मिटाने के लिए मासूम के शव को घर के ही सेप्टिक टैंक में फेंक दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुबह से पुलिस, परिजनों और आसपास के लोगों को बच्ची के चोरी हो जाने की झूठी कहानी सुनाकर गुमराह करता रहा। वह दिनभर खुद पुलिस और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर गली-मोहल्ले में बच्ची को ढूंढने का नाटक करता रहा ताकि किसी को भी उस पर रत्ती भर शक न हो।
पुलिस की सख्ती के आगे टूटा आरोपी
लापता बच्ची की जांच के दौरान भलस्वा डेरी थाना पुलिस को पिता की संदिग्ध गतिविधियों, हाव-भाव और बार-बार बदलते बयानों पर गहरा शक हुआ। जब पुलिस ने संदेह के आधार पर पिता को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की, तो वह ज्यादा देर तक अपनी झूठी कहानी पर टिक नहीं सका। पुलिस के कड़े रुख के आगे आरोपी पूरी तरह टूट गया और उसने अपना खौफनाक जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घर के सेप्टिक टैंक को खुलवाया और वहां से 10 महीने की मासूम बच्ची का शव बरामद कर लिया।
इस जघन्य और क्रूर हत्याकांड के सामने आने के बाद पूरे मुकुंदपुर इलाके में लोगों के बीच भारी गुस्सा और दुख का माहौल है। बच्ची के दादा, दादी और स्थानीय निवासी अजय शर्मा ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए आरोपी पिता के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, भलस्वा डेरी थाना पुलिस ने आरोपी पिता को आधिकारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है और बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
