शहर

’खीर’ समारोह के साथ शुरू होगा दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र, AAP ने दी बहिष्कार करने की चेतावनी

दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र सोमवार को ‘खीर’ समारोह के साथ शुरू होगा, जबकि विपक्षी आम आदमी पार्टी ने इसमें शामिल न होने की चेतावनी दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इस अवसर पर मौजूद रहेंगी और सदन में दिल्ली की आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश कर सकती हैं। वहीं, विपक्षी नेता आतिशी ने चार विधायकों के निलंबन को लेकर चिंता जताई है।

Image

दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू होगा (फाइल फोटो- PTI)

Photo : PTI

Delhi Assembly Budget Session: दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र सोमवार को ‘खीर’ समारोह के साथ आरंभ होगा। वहीं, विपक्षी दल आम आदमी पार्टी (आप) ने इस सत्र में शामिल न होने की चेतावनी दी है। अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इस समारोह में मौजूद रहेंगी और सदन में दिल्ली की आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश करने की संभावना है। इसके पहले, विपक्ष की नेता आतिशी ने कहा कि यदि अध्यक्ष पार्टी द्वारा चार विधायकों के निलंबन को वापस नहीं किया गया, तो आम आदमी पार्टी के विधायक सत्र का बहिष्कार करेंगे।

अधिकारियों ने क्या बताया?

आम आदमी पार्टी के चार विधायक मुख्य सचेतक संजीव झा, जरनैल सिंह, कुलदीप कुमार और सोमदत्त को जनवरी में विधानसभा सत्र के दौरान कार्यवाही में बाधा डालने के आरोप में निलंबित कर दिया गया था। उनका निलंबन अब भी प्रभाव में है क्योंकि पिछला सत्र स्थगित नहीं हुआ था। अधिकारियों के अनुसार, AAP के इन चारों विधायकों को पूरे सत्र के लिए निलंबित किया गया है और बजट सत्र के औपचारिक रूप से स्थगित होने पर उनका निलंबन वापस कर दिया जाएगा।

अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को लिखा पत्र

विपक्ष की नेता ने अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को लिखे अपने पत्र में आम आदमी पार्टी के विधायकों के साथ किए गए व्यवहार को लेकर अपनी चिंता जताई और कहा कि यह कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों और स्थापित विधायी प्रक्रियाओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि अध्यक्ष इन मुद्दों पर ध्यान देंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि विधानसभा अपनी पारंपरिक विधायी प्रथाओं के अनुसार चलती रहे।

24 मार्च पेश होगा वार्षिक बजट

आतिशी ने आम आदमी पार्टी के चार विधायकों का निलंबन वापस करने की भी मांग की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 24 मार्च को अपना दूसरा वार्षिक बजट प्रस्तुत करेंगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ही वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं। उन्होंने पिछले वर्ष दिल्ली के लिए अपने पहले बजट में एक लाख करोड़ रुपये का प्रावधान पेश किया था।

क्या है खीर समारोह?

गौरतलब है कि, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पिछले वर्ष 'खीर समारोह' की शुरुआत की थी, जिसमें पारंपरिक भारतीय व्यंजन खीर को तैयार कर भगवान राम को अर्पित किया जाता है और उसके बाद इसे बजट तैयार करने में लगे अधिकारियों और जनता के बीच वितरित किया जाता है। उस समय मुख्यमंत्री ने कहा था कि "दिल्ली में यह पहली बार आयोजित किया गया है। बजट की शुरुआत खीर की मिठास के साथ हो रही है, इसे भगवान राम को अर्पित किया गया और अब इसे उन लोगों में बांटा जाएगा जिन्होंने सुझाव दिए हैं।"

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article