शहर

बिजनौर में तेज रफ्तार कार बनी काल; ई-रिक्शा और मोपेड को मारी टक्कर, बाप-बेटी समेत 3 की मौत

बिजनौर के नजीबाबाद थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक तेज रफ्तार कार ने भयानक हादसा कर दिया। कार ने पहले ई-रिक्शा और फिर मोपेड को टक्कर मारी, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और कई लोग घायल हुए। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और कार व चालक की तलाश जारी है।

Image

बिजनौर में दर्दनाक सड़क हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Bijnor Road Accident: यूपी के बिजनौर जिले के नजीबाबाद थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद, बेकाबू कार ने सामने से आ रही मोपेड को भी ठोकर मार दी। इस दुर्घटना में एक पिता और उसकी बेटी सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए। घायल व्यक्तियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समीपुर में भर्ती कराया गया, जहां ई-रिक्शा चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे उच्च उपचार केंद्र रेफर कर दिया गया।

तीन लोगों की मौके पर मौत

रायपुर सादात रोड पर रविवार की देर शाम एक तेज रफ्तार कार ने भारत गैस एजेंसी के पास पहले ई-रिक्शा को टक्कर मारी और फिर मोपेड पर सवार बाप-बेटी को भी टक्कर मार दी। इस हादसे में मोपेड सवार बढ़ापुर के राजू (50), उनकी बेटी अंशू (25) और भदौला के राजकुमार (32) की मौके पर ही मौत हो गई। ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं कार में सवार तीन लोगों को भी चोटें आई हैं।

ई-रिक्शा और मोपेड आए चपेट में

रविवार की देर शाम, कोटकादर गांव के निवासी ई-रिक्शा चालक धर्म सिंह नजीबाबाद से अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में ई-रिक्शा खराब हो गया, जिस पर सवार राजकुमार इसे धक्का देने लगे। ई-रिक्शा जब भारत गैस एजेंसी के पास पहुंचा, तो सामने से आती तेज रफ्तार कार ने इसे टक्कर मार दी। इसी दौरान पीछे से आ रही मोपेड भी कार की चपेट में आ गई।

मामले की जांच जारी

नजीबाबाद के सीओ नितेश प्रताप सिंह ने बताया कि इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। वहीं, कार और उसके चालक की तलाश जारी है।

(इनपुट - पीटीआई)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article