शहर

सावधान! आपकी ट्रेन में भी हो सकते हैं 'क्राइम स्कूल' के शातिर, दानापुर पुलिस ने खोली चोरों के गिरोह की पोल

पटना की दानापुर रेल पुलिस ने पश्चिम बंगाल के कुलटी से संचालित होने वाले एक बेहद शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह बाकायदा एक "क्राइम स्कूल" चलाता था, जहां बच्चों और महिलाओं को ट्रेनों में चोरी करने की प्रोफेशनल ट्रेनिंग दी जाती थी। पुलिस ने इस गैंग की 8 महिलाओं और 2 पुरुषों को गिरफ्तार कर उनके पास से 30 लाख रुपये के हीरे और सोने के जेवरात बरामद किए हैं।

patna train thieves gang

मामले की जानकारी देतीं दानापुर रेल पुलिस DSP कंचन यादव

Photo : Times Now Digital

Patna News: पटना में दानापुर रेल पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो न केवल ट्रेनों में चोरी करता था, बल्कि बाकायदा 'क्राइम स्कूल' भी चलाता था। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के कुलटी से संचालित होने वाले इस गैंग के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 8 महिलाएं शामिल हैं। इस बड़ी कार्रवाई में सेना के जवान की पत्नी के चोरी हुए 30 लाख रुपये के हीरे और सोने के जेवरात भी बरामद कर लिए गए हैं।

48 घंटे में 30 लाख के जेवरात बरामद

इस पूरे मामले की शुरुआत 8 फरवरी को हुई, जब दानापुर के रघुरामपुर निवासी सेना के जवान रंजीत कुमार की पत्नी रिंकू कुमारी विभूति एक्सप्रेस से बक्सर जा रही थीं। यात्रा के दौरान उनके टिफिन बॉक्स में रखे हीरे की अंगूठी और करीब 30 लाख रुपये के सोने के जेवरात गायब हो गए। दानापुर जीआरपी और आरपीएफ ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त टीम बनाई और तकनीकी सर्वलांस की मदद से महज 48 घंटे के भीतर बिहार से लेकर पश्चिम बंगाल तक छापेमारी कर गिरोह को दबोच लिया।

पश्चिम बंगाल में चल रही थी 'क्राइम पाठशाला'

पुलिस की पूछताछ में जो सच सामने आया, उसने अधिकारियों को भी चौंका दिया। गिरफ्तार महिलाएं पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले के कुलटी की रहने वाली हैं। यह पूरा परिवार ही संगठित तरीके से अपराध की दुनिया में शामिल है। ये लोग बाकायदा "क्राइम पाठशाला" चलाते थे, जहां छोटे-छोटे बच्चों और बच्चियों को ट्रेन में भीड़ का फायदा उठाकर चोरी और बैग साफ करने की प्रोफेशनल ट्रेनिंग दी जाती थी। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद इन बच्चों और महिलाओं को अलग-अलग रेल रूटों पर तैनात कर दिया जाता था।

किराए के मकान से चल रहा था सिंडिकेट

पकड़ी गई महिलाएं फिलहाल खगौल के लख इलाके में किराए का मकान लेकर रह रही थीं। यहाँ से वे रोजाना दानापुर और आसपास के स्टेशनों से गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों को निशाना बनाती थीं। महिलाएं गैंग बनाकर चलती थीं ताकि शक न हो और भीड़-भाड़ वाले कोच में घुसकर आसानी से यात्रियों के कीमती सामान पर हाथ साफ कर सकें। पुलिस ने इनके पास से चोरी के हीरे और सोने के आभूषणों का पूरा जखीरा बरामद किया है।

पकड़े गए आरोपियों में महिलाओं की बड़ी संख्या

पुलिस ने इस मामले में कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें 8 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। जीआरपी के अधिकारियों का कहना है कि यह एक अंतरराज्यीय गिरोह है जिसके तार कई अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। इस गैंग के पकड़े जाने से बिहार और बंगाल रेल रूट पर होने वाली चोरी की वारदातों में बड़ी कमी आने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस इनसे जुड़े अन्य सहयोगियों और खरीदारों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

 Nishant Tiwari
Nishant Tiwari author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article