शहर

Delhi AI Impact Summit Case: एआई इम्पैक्ट समिट में शर्ट उतारने वाले राजीव कुमार को मिली जमानत

दिल्ली की एक अदालत ने एआई इम्पैक्ट समिट में प्रदर्शन के आरोपी राजीव कुमार को अंतरिम जमानत दी है। । कुमार पर ’सुनियोजित साजिश’ का हिस्सा होने और एआई इम्पैक्ट समिट में हुए विरोध प्रदर्शन को अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड करने का आरोप है।

Image

एआई इम्पैक्ट समिट में प्रदर्शन के आरोपी राजीव कुमार को अंतरिम जमानत

दिल्ली : दिल्ली की एक अदालत ने पिछले महीने आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में शर्ट उतारकर कर प्रदर्शन करने के मामले में एक आरोपी को शनिवार को 28 मार्च तक के लिए अंतरिम जमानत दे दी और उसे जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अमित बंसल की अदालत ने आरोपी राजीव कुमार की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई की। कुमार पर ’सुनियोजित साजिश’ का हिस्सा होने और एआई इम्पैक्ट समिट में हुए विरोध प्रदर्शन को अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड करने का आरोप है।

राजीव कुमार पर थे कई आरोप

कुमार का पक्ष रखते हुए अधिवक्ता नागेंद्र कुमार और अमरीश रंजन पांडे ने अदालत के समक्ष कहा कि उनके मुवक्किल निजी हैसियत से मीडिया सलाहकार थे और उन्होंने सम्मेलन के लिए स्वतंत्र रूप से पंजीकरण कराया था, उनका पिछला रिकॉर्ड बेदाग है और वे जांच में सहयोग करने के लिए तैयार हैं।अदालत ने कहा कि यह निर्देश दिया जाता है कि आवेदक राजीव कुमार 16 मार्च को जांच अधिकारी (आईओ) के साथ जांच में शामिल होंगे और जांच में सहयोग भी करेंगे। जांच अधिकारी द्वारा जब भी निर्देश दिया जाएगा, वे जांच में शामिल होते रहेंगे।

भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के समूह ने किया था आयोजन में प्रदर्शन

भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का एक समूह 20 फरवरी को एआई इम्पैक्ट समिट के आयोजन स्थल में प्रवेश कर गया। प्रदर्शनकारियों ने सफेद टी-शर्ट पहन रखी थी या अपने हाथों में पकड़ रखी थी जिन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तस्वीरें छपी थीं, साथ ही ’भारत-अमेरिका व्यापार समझौता’, ’एप्स्टीन फाइल्स’ और ’प्रधानमंत्री समझौता कर चुके हैं’ जैसे नारे लिखे थे। प्रदर्शनकारियों की कथित तौर पर कार्यक्रम स्थल पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और पुलिसकर्मियों के साथ झड़प भी हुई। फिलहाल, इस मसले पर कई अन्य आरोपियों को भी जमानत दी गई है और कईयों पर अभी तलवार लटकी है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article