शहर

इंदौर के बाद ग्रेटर नोएडा डेल्टा-1 में दूषित पानी से स्वास्थ्य पर संकट, लोगों में दहशत

इंदौर के बाद अब ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा-1 में दूषित पानी की समस्या ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सीवर का गंदा पानी सप्लाई लाइन में मिलने से कई परिवारों की तबीयत बिगड़ गई है और पेट से जुड़ी बीमारियां सामने आई हैं। हालात को देखते हुए प्रशासन ने जांच और इलाज की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Image

ग्रेटर नोएडा डेल्टा-1 में दूषित पानी का कहर!

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Greater Noida Contaminated Water: इंदौर के बाद अब ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा-1 में भी दूषित पानी को लेकर गंभीर स्थिति सामने आई है। यहां गंदा पानी पीने से कई लोग बीमार पड़ गए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सीवर का दूषित पानी सप्लाई लाइन में मिलकर घरों तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ा है। दूषित पानी के उपयोग के कारण कई परिवारों में पेट संबंधी संक्रमण, उल्टी और दस्त जैसी समस्याएं देखने को मिल रही हैं।

यह समस्या खासतौर पर डेल्टा-1 के सी ब्लॉक क्षेत्र में अधिक पाई गई है, जिससे इलाके के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। शिकायतें मिलने के बाद ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों ने पानी के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए हैं। साथ ही, प्रभावित लोगों के इलाज के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं। प्रशासन द्वारा घर-घर जाकर मेडिकल कैंपेन चलाया जा रहा है, जिसमें मेडिकल टीमें निवासियों की स्थिति का जायजा ले रही हैं और बीमार लोगों से जुड़ी जानकारी एकत्र कर रही हैं।

क्या है पहला मामला?

रूक्मणी सिंह भाटी और उनके पति विजय सिंह भाटी के घर में सप्लाई होने वाले पानी को लेकर गंभीर समस्या सामने आई। घर में आने वाला पानी पहले पीले रंग का था, बाद में कुछ समय बाद साफ दिखाई देने लगा, हालांकि इस समय पानी सामान्य आ रहा है। परिजनों के अनुसार, पानी से इतनी तेज दुर्गंध आ रही थी कि घर में सांस लेना तक मुश्किल हो गया। दूषित पानी के इस्तेमाल से मां और बेटी करीब 10 से 15 दिनों तक पेट दर्द की समस्या से जूझती रहीं।

दूसरे केस का विवरण

मीनाक्षी सिंह के घर से जांच के लिए पानी का नमूना लिया गया है। उनके घर में सभी लोग वाटर प्यूरीफायर का पानी पीते हैं, इसी वजह से फिलहाल कोई भी बीमार नहीं पड़ा। मीनाक्षी ने बताया कि सप्लाई शुरू होते समय पानी पीले रंग का और गंदा आता है, लेकिन कुछ देर बाद पानी साफ होकर सामान्य हो जाता है।

Shivani Mishra
Shivani Mishraauthor

Covering stories of public interest in crime and politics now. Entertainment enthusiast over five years. Reporting across Maharashtra.

और पढ़ें
End of Article