शहर

Prayagraj: फाफामऊ में ढहा जर्जर कोल्ड स्टोरेज का हिस्सा, 4 मजदूरों की दर्दनाक मौत, मुआवजे का ऐलान

प्रयागराज के फाफामऊ क्षेत्र के चंदापुर गांव में सोमवार दोपहर एक जर्जर कोल्ड स्टोरेज का हिस्सा गिरने से बड़ा हादसा हो गया, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। दुर्घटना में चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं। मौके पर राहत-बचाव अभियान जारी है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटा हुआ है।

Image

प्रयागराज में जर्जर कोल्ड स्टोरेज का हिस्सा गिरा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

नPrayagraj Cold Storage Accident: प्रयागराज के फाफामऊ क्षेत्र स्थित चंदापुर गांव में सोमवार दोपहर एक जर्जर कोल्ड स्टोरेज की इमारत का हिस्सा अचानक ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में चार मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 12 घायल मजदूरों का इलाज मेडिकल कॉलेज के एसआरएन और तेज बहादुर सप्रू (बेली) अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।

प्रशासन के अनुसार, घटना दोपहर करीब डेढ़ से ढाई बजे के बीच हुई, जब कोल्ड स्टोरेज का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा और वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत व बचाव अभियान शुरू कर दिया। मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद ली जा रही है, जबकि 21 से अधिक एंबुलेंस भी घटनास्थल पर तैनात की गई हैं। प्रशासन का कहना है कि अभी भी कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

अमोनिया गैस का रिसाव भी शुरू

हादसे के तुरंत बाद कोल्ड स्टोरेज परिसर में अमोनिया गैस का रिसाव भी शुरू हो गया, जिसकी तीखी गंध आसपास करीब एक किलोमीटर तक महसूस की गई। इससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और लोग मुंह पर रुमाल व गमछा बांधकर खुद को सुरक्षित रखने की कोशिश करते नजर आए। अग्निशमन विभाग की टीम गैस रिसाव को नियंत्रित करने के प्रयास में जुटी हुई है।

दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि, "जनपद प्रयागराज के कोल्ड स्टोरेज में हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। इस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को ₹02-02 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।" वहीं, पीएमओ ने भी एक्स पर पोस्ट कर घायलों और मृतकों को मुआवजा देने का ऐलान किया है। इसके तहत, PMNRF से हर मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये की मदद दी जाएगी और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

वाराणसी से भी बुलाई गई एनडीआरएफ की टीम

पुलिस कमिश्नर जोगिंदर कुमार ने बताया कि बचाव कार्य को तेज करने के लिए एनडीआरएफ की एक टीम वाराणसी से बुलाई गई है, जबकि एसडीआरएफ की तीन टीमें और फायर ब्रिगेड लगातार मौके पर तैनात हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बताया जा रहा है कि, यह कोल्ड स्टोरेज करीब 60 एकड़ क्षेत्र में फैला है, जहां 100 से अधिक कर्मचारी काम करते हैं।

पूर्व विधायक अंसार अहमद का है कोल्ड स्टोरेज

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह कोल्ड स्टोरेज समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अंसार अहमद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए अंसार अहमद समेत कुछ कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही, संबंधित रिन्यूएबल हॉर्टिकल्चर अधिकारी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि हादसे में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article