शहर

मुख्यमंत्री धामी ने की पीएम मोदी से मुलाकात, तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर दी शुभकामनाएं

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने पीएम मोदी को उनके तीसरे कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं और महासू मंदिर की प्रतिकृति भी भेंट की।

Image

CM पुष्कर सिंह धामी और PM नरेंद्र मोदी

Photo : Times Now Digital

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) ने मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उन्हें तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री का दायित्व संभालने पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में देश समग्र रूप से विकास कर सम्पूर्ण विश्व में सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करने में सफल होगा। सीएम धामी ने इस अवसर पर पीएम मोदी को महासू मंदिर की प्रतिकृति भेंट की।

पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान सीएम धामी ने उन्हें राज्य के विकास के संबंध में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए जल विद्युत परियोजनाएं राज्य की जीडीपी में वृद्धि का मुख्य कारक है। राज्य की बिजली की जरूरतों की पूर्ति के लिए उत्तराखंड को खुले बाजार से हर साल लगभग 1000 करोड़ की बिजली खरीदनी पड़ती है, इसका राज्य के वित्तीय संसाधनों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने अलकनंदा, भगीरथी तथा सहायक नदियों पर प्रस्तावित 24 जल विद्युत परियोजनाओं (Hydropower Projects) के बारे में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित विशेषज्ञ समिति-2 की अन्तिम रिपोर्ट पर जल शक्ति मंत्रालय तथा विद्युत मंत्रालय के साथ पुर्नसमीक्षा करने के लिए प्रधानमंत्री से अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में 67 प्रतिशत वन क्षेत्र है। राज्य के विकास कार्यों के लिए भूमि की उपलब्धता कम है। उत्तराखंड, अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगा एक सामरिक महत्व रखने वाला राज्य है। इसके महत्व को देखते हुए राज्य में स्थित वन भूमि में भारत सरकार के विभिन्न संस्थानों NHAI, BRO, ITBP, रेलवे एवं सेना विभाग के द्वारा सड़क तथा अन्य संरचनाओं के निर्माण में वन संरक्षण एवं सवंर्धन अधिनियम, 2023 के तहत भूमि की उपलब्धता नहीं है। जिसके कारण मंजूरी मिलने में देरी हो रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड की विशेष भौगोलिक स्थिति और सामरिक महत्व को देखते हुए विकास कार्यों के लिए गैर वानिकी परियोजना हेतु अधिसूचित नियम 2017 की व्यवस्था को बनाए रखा जाए। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि कि संबंधित मंत्रालय को निर्देश दें कि मौजूदा फॉरेस्ट लैंड ट्रांसफर प्रपोजल को लागू करें और क्षतिपूर्ति वृक्षारोपण कराया जाए।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!