शहर

CM मोहन यादव का वाराणसी दौरा, समझा विश्वनाथ कॉरिडोर का क्राउड मैनेजमेंट सिस्टम; MP-UP मिलकर लिखेंगे विकास की नई इबारत

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 31 मार्च को 'एमपी-यूपी सहयोग सम्मेलन' में भाग लेने बाबा विश्वनाथ की नगरी पहुंचे। इस यात्रा का मुख्य केंद्र बिंदु न केवल दो राज्यों के बीच सांस्कृतिक सेतु बनाना है, बल्कि आगामी सिंहस्थ 2028 के लिए वाराणसी के सफल 'भीड़ प्रबंधन' मॉडल को समझना भी है।

Image

सिंहस्थ की तैयारी के लिए मोहन यादव ने काशी से ली सीख

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को वाराणसी पहुंचकर बाबा विश्वनाथ के दरबार में मत्था टेका। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' और अन्य वरिष्ठ मंत्रियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरे का उद्देश्य मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच धार्मिक पर्यटन, लघु उद्योग और जल प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में आपसी सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।

सिंहस्थ 2028 के लिए काशी मॉडल पर नजर

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का गहन अवलोकन किया। उन्होंने विशेष रूप से तीर्थयात्री प्रबंधन प्रणाली, इंफ्रास्ट्रक्चर और क्राउड फ्लो डिजाइन पर अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने कहा, कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महाकाल लोक बनने के बाद पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था बदल गई है। इसी तरह काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बनने के बाद यहां भी बदलाव आया है। सभी लोगों को साथ मिलाकर विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। उन्होंने कहा कि हम बाबा महाकाल और काशी विश्वनाथ को लेकर योजनाओं-जानकारियों का आदान-प्रदान करेंगे। उज्जैन में होने वाले आगामी सिंहस्थ के लिए हम यहां के सफल प्रबंधन को अपनाना चाहते हैं।

धार्मिक पर्यटन और ODOP पर बनेगा साझा रोडमैप

सम्मेलन के दौरान डॉ. यादव ने 'एक जिला एक उत्पाद' (ODOP) योजना की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की 'बनारसी साड़ी' और मध्य प्रदेश की 'चंदेरी-महेश्वरी साड़ी' जैसे उत्पादों के विपणन और लघु उद्योगों के विस्तार के लिए दोनों राज्य मिलकर काम करेंगे। उन्होंने घोषणा की कि दोनों राज्य धार्मिक पर्यटन की सुगमता और दर्शन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एक एमओयू (MoU) भी साइन करेंगे।

सम्राट विक्रमादित्य की गौरव गाथा का मंचन

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि मध्य प्रदेश सरकार सम्राट विक्रमादित्य के विराट व्यक्तित्व पर शोध कर रही है। इसी कड़ी में 3, 4 और 5 अप्रैल को बाबा विश्वनाथ धाम के परिसर में एक विशाल महानाट्य का मंचन किया जाएगा, जिसमें लगभग 400 कलाकार हिस्सा लेंगे। यह आयोजन आधुनिक विधा के माध्यम से गौरवशाली इतिहास को जीवंत करने का एक प्रयास है।

केन-बेतवा और सोलर प्रोजेक्ट्स पर साथ

सहयोग की बात करते हुए डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया कि अब राज्यों के बीच कटुता का समय समाप्त हो चुका है और सौहार्द का युग है। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश वर्तमान में 'केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना' और सौर ऊर्जा के क्षेत्र में मिलकर काम कर रहे हैं, जिससे दोनों राज्यों की समृद्धि और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें