शहर

Cloudburst in Himachal: कुल्लू में बादल फटने से तबाही, सड़कें टूटी-पुल भी बहा; दहशत में लोग

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में लगघाटी इलाके में बादल फटने के कारण तीन दुकानों और एक बाइक को काफी नुकसान पहुंचा है। साथ ही सरवरी में एक पैदल पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया है। हालांकि इस प्राकृतिक आपदा में कोई जनहानि नहीं हुई है।

Image

कुल्लू में फटा बादल

Cloudburst in Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बादल फटा है। इस घटना में आसपास के क्षेत्र में नुकसान हुआ है। तीन दुकानें और एक बाइक मलबे की चपेट में आई है। सरवरी में एक पैदल पुल क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही है कि इस प्राकृतिक आपदा में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब 3 बजे कुल्लू के लगघाटी इलाके में बादल फटने की घटना हुई। इससे नाले में अचानक आए उफान के चलते कणौण गांव में तीन दुकानों और एक बाइक को नुकसान पहुंचा। इसके अलावा, बादल फटने से कुल्लू शहर के पास बहने वाली सरवरी खड्ड में जलस्तर काफी बढ़ गया, जिससे सरवरी में एक पैदल पुल क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, फोरलेन से कुल्लू बस स्टैंड को जोड़ने वाली मुख्य सड़क का बड़ा हिस्सा भी तेज बहाव में बह गया। हालांकि, पुलिस ने सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से की बैरिकेडिंग कर दी गई है और लोगों को आगे जाने से रोका जा रहा है। कुछ लोग खतरा मोल लेकर अपनी गाड़ियां इन सड़कों पर चला रहे हैं, जिससे प्रशासन की चिंता और बढ़ी है।

डर के माहौल में लोग

बादल फटने की तेज आवाज सुनकर ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए थे। स्थिति बिगड़ने के बाद ये लोग सुरक्षित स्थानों पर चले गए। एक स्थानीय महिला ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, "यह डर का माहौल काफी दिनों से बना हुआ है। लगातार बारिश होने से पूरे प्रदेश में नुकसान हो रहा है। इसी तरह रात में कुल्लू में बादल फटा, जिससे लोग घबरा गए थे। बादल फटने से काफी नुकसान हुआ है।"

कुल्लू में आज स्कूल-कॉलेज बंद

फिलहाल, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंगलवार को जिले के सभी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। साथ ही, प्रशासन ने सरवरी क्षेत्र में नदी-नालों के किनारे झुग्गियों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया है। नदी-नालों का जलस्तर ऊंचा बना हुआ है और लोगों में डर का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, अफवाहों से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article