गाजियाबाद : सिहानी गेट इलाके में Red K Velvet बैंक्वेट हॉल के अंदर माल ढोने वाली लिफ्ट के नीचे 24 वर्षीय सफाईकर्मी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की पहचान शिव कुमार हापुड़ निवासी के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ समय से नंदग्राम में रहकर काम कर रहा था। घटना शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे तब सामने आई, जब बैंक्वेट हॉल के मैनेजर राजेश सिंह ने लिफ्ट के पास शव देखा और पुलिस को सूचित किया।
सिर पर गंभीर चोट
पुलिस के शुरुआती बयान के अनुसार युवक संभवतः लिफ्ट पर सामान के साथ चढ़ने की कोशिश कर रहा था जब वह फंस गया और इसके कारण उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर लगे सुरक्षा कवर की वजह से किसी ने जल्दी उसकी पहचान नहीं की।
पुलिस का कहना है कि शव के चेहरे पर गंभीर चोटें और दाहिने कान का कट जाना संदिग्ध परिस्थिति को दर्शाता है। जांच अधिकारी एसीपी उपासना पांडे ने बताया कि शव रात के किसी समय लिफ्ट से गिरने की आशंका है, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी गम्भीर आपराधिक तथ्य की पुष्टि नहीं कर पाई है। अंतिम निर्णय पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मिलेगा।
शिव कुमार के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों को कहना सहकर्मियों के साथ विवाद के बाद उसकी हत्या की गई होगी और शव लिफ्ट के अंदर छिपाया गया होगा। फिलहाल, परिवार अभी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।
