शहर

Damoh: स्कूल गेट के बाहर खौफनाक वारदात; 15 वर्षीय छात्र की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने शुरू की जांच

मध्य प्रदेश के दमोह में बोर्ड परीक्षा के दौरान एक छात्र की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। 10वीं कक्षा का छात्र ऋषि अहिरवार परीक्षा देकर स्कूल से बाहर निकला ही था कि कुछ छात्रों ने पुराने विवाद के चलते उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

Image

दमोह में स्कूल के बाहर 10वीं के छात्र की हत्या (प्रतीकात्मक फोटो)

Damoh Student Murder: मध्य प्रदेश के दमोह में एक स्कूली छात्र की हत्या से सनसनी फैल गई है। 10वीं कक्षा का छात्र ऋषि अहिरवार परीक्षा देकर स्कूल से बाहर निकला ही था कि कुछ छात्रों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जहां एक तरफ बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं तो वहीं मध्य प्रदेश के दमोह शहर में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। कोतवाली थाना क्षेत्र के मलैया मिल स्थित एक स्कूल के बाहर 10वीं कक्षा के छात्र ऋषि अहिरवार (15) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, इमलाई निवासी ऋषि अपना अंतिम पेपर देकर स्कूल के गेट से बाहर निकला ही था, तभी पुराने विवाद के चलते तीन से अधिक छात्रों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने शुरू की पूछताछ

घायल अवस्था में ऋषि को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस मामले में सीएसपी एच.आर. पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना में शामिल संदिग्ध छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।

48 घंटों के अंदर पांचवीं हत्या

गौरतलब है कि जिले में पिछले 48 घंटों के भीतर यह हत्या की पांचवीं घटना है। इससे पहले हरदुआ, कलुआ, हथना और समन्ना क्षेत्रों में भी हत्या की वारदातें सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से पूरे जिले में भय और दहशत का माहौल बन गया है। घटना के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया और उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

सीहोर जमीन विवाद ने लिया खौफनाक रूप

वहीं, सीहोर जिले में जमीन विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जहां एक व्यक्ति ने अपने ही छोटे भाई के बेटे और बेटी की हत्या कर दी। पुलिस फिलहाल आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। यह घटना आष्टा क्षेत्र के सिद्धिगंज थाना अंतर्गत धर्मपुरी गांव की है। बताया जा रहा है कि हरि सिंह मालवीय और उसके छोटे भाई जगदीश मालवीय के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।

शुक्रवार सुबह जब जगदीश घर पर मौजूद नहीं था, तब उसके दोनों बच्चे शीतल और कुलदीप (उम्र करीब 20 से 22 वर्ष) घर पर थे। दोनों बोर्ड परीक्षा के छात्र थे और उसी दिन उनका पेपर भी था, जिसके लिए वे परीक्षा केंद्र जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान हरि सिंह ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच चल रहे पुराने जमीन विवाद को ही इस दोहरे हत्याकांड की वजह माना जा रहा है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश कर रही है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article