चण्डीगढ़

पंजाब में ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन; पुलिस ने 834 जगह मारे छापे, 175 आरोपी गिरफ्तार

पंजाब पुलिस का ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन’ अपराध और नशे के खिलाफ पूरे जोर पर चल रहा है। सोमवार को राज्यभर में 834 ठिकानों पर छापेमारी कर 27 कुख्यात अपराधियों समेत 175 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 81 मुकदमे दर्ज किए गए। पुलिस ने भारी मात्रा में नशा, अवैध शराब और हथियार बरामद किए हैं।

Image

पंजाब में अपराध और नशे के खिलाफ अभियान तेज (सांकेतिक तस्वीर : PTI)

Photo : PTI

Punjab Operation Hotspot Domination: पंजाब में अपराध और नशे के खिलाफ पुलिस का चल रहा ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन’ लगातार सख्त और असरदार होता जा रहा है। समाचार एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, सोमवार को पुलिस ने राज्यभर में 834 ठिकानों पर रेड डालकर 27 कुख्यात अपराधियों समेत 175 लोगों को गिरफ्तार किया। इन मामलों में पुलिस ने कुल 81 मुकदमे दर्ज किए हैं।

भारी मात्रा में अवैध सामान बरामद

पुलिस राज्य में लगातार अपराधियों, नशा तस्करों और साइबर ठगों पर कार्रवाई कर रही है। इस सघन अभियान में पुलिस ने 81 केस दर्ज कर 175 अपराधियों को गिरफ्तार किया, जबकि भारी मात्रा में नशा, अवैध शराब और हथियार बरामद किए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमारा उद्देश्य अपराधियों को जेल भेजना और सार्वजनिक स्थान को सुरक्षित रखना है ताकि लोग बेखौफ रहें। उन्होंने बताया कि आर्म्स एक्ट के 5 मुकदमों में 8 गिरफ्तार हुए हैं। इनके पास से 4 कट्टे, 5 पिस्तौल और 34 कारतूस बरामद हुए हैं। इसके साथ ही दर्जनों ड्रग तस्कर पकड़े गए और उनके पास से भारी मात्रा में ड्रग बरामद हुआ है।

पुलिस ने बढ़ाई चौकसी

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे भी ऐसे स्थानों की जानकारी पुलिस के साथ साझा करें ताकि कानून व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके। साथ ही पुलिस ने कई क्षेत्रों को चिन्हित किया है, जहां पर पैदल गश्त बढ़ा दी गई है। अभियान को मजबूत करने के लिए पूरे जिले में डॉग स्क्वॉड की मदद से ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। पुलिस की टीमें रोजाना क्षेत्र में जाएंगी और जहां भी कोई अवैध गतिविधि मिलेगी, वहां तुरंत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

RWA से हो रहा वेरिफिकेशन

पुलिस ने कहा कि हम लोग बाहरी राज्यों या अन्य जिलों से आकर रह रहे व्यक्तियों की निगरानी के लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के माध्यम से सत्यापन करा रहे हैं। जहां वेरिफिकेशन नहीं हो पाती, वहां पुलिस टीमें मौके पर जाकर जांच करेंगी। संदिग्ध व्यक्तियों की सूची एकत्र की जा रही है और उनके बैकग्राउंड की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उन सभी क्षेत्रों पर कड़ी निगरानी रखना है जहां नशा बेचा जाता है और जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article