चण्डीगढ़

पंजाब पुलिस ने किया जासूसी रैकेट का भंडाफोड़, कपूरथला आर्मी कैंट की सीक्रेट सूचनाएं पाकिस्तान को भेजी, सफाईकर्मी समेत 2 गिरफ्तार

पंजाब पुलिस ने जासूसी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें से एक आरोपी कपूरथला आर्मी कैंट में सफाईकर्मी के तौर पर काम कर रहा था। दोनों पर भारतीय सेना से संबंधित गुप्त सूचना और आर्मी कैंप की फोटो पाकिस्तान भेजने का आरोप है।

Image

पंजाब पुलिस ने किया जासूसी रैकेट का भंडाफोड़ (Photo- Canva)

Punjab News: पंजाब पुलिस ने कपूरथला जिले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जासूसी के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। दोनों गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स को भारतीय सेना से संबंधित अत्यंत गोपनीय और गुप्त सूचनाएं भेज रहे थे। पुलिस को मिली एक गुप्त जानकारी के आधार पर इस रैकेट का भंडाफोड़ किया गया। पकड़े गए लोग सीधे तौर पर पाकिस्तान को संवेदनशील सैन्य जानकारी पहुंचा रहे थे, जो देश की सुरक्षा के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।

पुलिस की टीम इन आरोपियों की गतिविधियों पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी, जिसके बाद साक्ष्य जुटाकर इन्हें हिरासत में लिया गया। पुलिस की टीम पता लगाने में जुटी है कि इस जासूसी नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं और उन्होंने अब तक कितनी महत्वपूर्ण जानकारी लीक की है। जल्द से जल्द गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करने की तैयारी की जा रही है।

कैंट एरिया की तस्वीरें और गुप्त जानकारी लीक

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक की पहचान राजा के रूप में हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि राजा कपूरथला के आर्मी कैंट क्षेत्र में सफाईकर्मी के तौर पर काम करता था। आरोपी को इस नौकरी की आड़ में सैन्य प्रतिष्ठान के अंदर तक एंट्री मिल गई, जिसका उनसे पूरा फायदा उठाया और गुप्त सूचनाएं और तस्वीरें एकत्र की। पुलिस की शुरुआती जांच में यह पता लगा है कि आरोपी राजा अगस्त महीने से पाकिस्तान में बैठे लोगों के लगातार संपर्क में था। उसने कैंट एरिया के महत्वपूर्ण हिस्सों की कुछ तस्वीरें निकाली और अन्य गोपनीय जानकारी जुटाकर अपने पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेजी। इस संवेदनशील सैन्य जानकारी को लीक करने के आरोप में पुलिस राजा के साथ इस जासूसी गतिविधि में उसका मदद करने वाले एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लिया और अब इनसे पूछताछ की जा रही है।

मोबाइल चैट से हुआ खुलासा

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, विशेष रूप से मोबाइल फोन की गहन जांच की। इस जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों और पाकिस्तान में मौजूद उनके हैंडलर्स के बीच हुई बातचीत के ठोस सबूत मिले। इन चैट डिटेल्स से स्पष्ट होता है कि वे अगस्त से ही सक्रिय थे और नियमित रूप से संवेदनशील डेटा साझा कर रहे थे। राहत की बात यह है कि पंजाब पुलिस ने समय रहते इस जासूसी रैकेट का पर्दाफाश कर दिया है। अब जांच की जा रही है कि आरोपियों ने संवेदनशील जानकारी किस कीमत पर बेची और इस नेटवर्क की फंडिंग कहां से हो रही थी।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article