चण्डीगढ़

होशियारपुर में दर्दनाक हादसा; जर्जर मकान ढहने से पिता और दो बेटियों की मौत

Hoshiarpur News Today (होशियारपुर की खबर ): पंजाब के होशियारपुर जिले में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जिसने एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया। टांडा क्षेत्र के अय्यापुर मोहल्ले में एक तीन मंजिला जर्जर मकान अचानक भरभरा कर गिर पड़ा, जिससे उसमें रह रहे प्रवासी मजदूर शंकर मंडल और उसकी दो बेटियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसकी पत्नी और दो अन्य बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।

Image

होशियारपुर में ढहा जर्जर मकान

Photo : Times Now Digital

Hoshiarpur House Collapse: पंजाब के होशियारपुर जिले के टांडा क्षेत्र स्थित अय्यापुर मोहल्ले में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। तड़के करीब साढ़े पांच बजे एक तीन मंजिला मकान अचानक भरभरा कर ढह गया, जिससे उसमें रहने वाला प्रवासी मजदूर शंकर मंडल का पूरा परिवार मलबे में दब गया। इस हादसे में शंकर मंडल और उसकी दो बेटियां शिवानी और पूजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दो अन्य बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घायलों को तत्काल टांडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है। शंकर मंडल बिहार का रहने वाला था और होशियारपुर में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। वह अपनी पत्नी और चार बेटियों के साथ इसी जर्जर मकान में किराए पर रह रहा था। मकान मालिक विकास कुमार ने बताया कि उन्होंने कई बार शंकर मंडल को मकान की खराब हालत के बारे में आगाह किया था, लेकिन फिर भी परिवार कुछ दिन रहने के लिए मकान में शिफ्ट हो गया था। उन्होंने दुख जताया कि इस दर्दनाक हादसे में एक परिवार उजड़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। पुलिस और राहत टीमों ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

मकान की हालत थी बेहद जर्जर

टांडा थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे की सूचना उन्हें सुबह करीब साढ़े पांच बजे मिली थी। मकान की हालत बेहद जर्जर थी, जिससे यह हादसा हुआ। तीन लोगों की मौत और तीन के घायल होने की पुष्टि हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि सुबह साढ़े सात बजे के करीब एंबुलेंस के जरिये तीन घायलों को लाया गया था, जिनमें से दो की पहले ही मौत हो चुकी थी। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!