चंडीगढ़ : गुरु श्री तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस समागम और अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 के लिए 25 नवम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुरुक्षेत्र के दौरे पर होंगे। पीएम की आगवानी को लेकर जिले में हाई-अलर्ट है। खासकर, वीवीआईपी सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए व्यापक और बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। जानकारी के मुताबिक, 14 आईपीएस, 54 डीएसपी और विभिन्न जिलों से आई महिला एवं पुरुष टुकड़ियों सहित लगभग 5,000 पुलिस कर्मियों को सुरक्षा ड्यूटी पर लगाया गया है। शहीदी दिवस समागम स्थल, अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव परिसर से लेकर प्रधानमंत्री के पूरे रुट तक सुरक्षा ड्यूटियां दिन-रात की शिफ्टों में तैनात हैं।
डीजीपी ओपी सिंह ने सुरक्षा को लेकर दिया सख्त संदेश
पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने सोमवार को कार्यक्रम स्थलों के निरीक्षण के बाद अधिकारियों की बैठक लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान ड्यूटी में जरा-सी भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के रुट और मुख्य कार्यक्रम स्थलों पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से लैस करते हुए मुख्य मार्गों, चौराहों और भीड़ वाले बिंदुओं पर हाई-रिज़ॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी “तीसरी आँख” हर गतिविधि पर रियल-टाइम निगरानी रखेगी।
ड्रोन व ग्लाइडर उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध
प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान पूरे कुरुक्षेत्र में ड्रोन और ग्लाइडर उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से किसी भी कंपनी, संस्था या व्यक्ति को ड्रोन-ग्लाइडर उड़ाने की अनुमति नहीं होगी। इस संबंध में सभी थाना प्रभारियों और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं।
पीएम के कार्यक्रम
प्रधानमंत्री शाम लगभग 4 बजे भगवान कृष्ण के पवित्र शंख के सम्मान में नवनिर्मित 'पांचजन्य' का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद, वे महाभारत अनुभव केंद्र का दौरा करेंगे। यह एक गहन अनुभवात्मक केंद्र है जहां महाभारत के महत्वपूर्ण प्रसंगों को प्रदर्शित किया गया है जो इसके स्थायी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को दर्शाते हैं।
शाम लगभग 4:30 बजे, प्रधानमंत्री सिखों के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान, प्रधानमंत्री पूज्य गुरु के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष सिक्का और स्मारक डाक टिकट जारी करेंगे। इस अवसर पर वे उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित करेंगे। गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में, भारत सरकार एक वर्ष तक चलने वाला स्मरणोत्सव मना रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण
प्रधानमंत्री कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए डीजीपी ओपी सिंह, एडीजीपी लॉ एंड ऑर्डर संजय कुमार, एडीजीपी सीआईडी सौरभ सिंह, आईजीपी सीआईडी अशोक कुमार, आईजीपी अंबाला रेंज पंकज नैन, एसपी कुरुक्षेत्र नीतीश अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने ज्योतिसर और पुरुषोत्तमपुरा बाग का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
