Chandigarh: चंडीगढ़ में लूट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। बेखौफ बदमाश सरेआम चलते लोगों को लूट का शिकार बना रहे हैं। इसी तरह का एक मामला सेक्टर-56 में सामने आया है, यहां पर सुबह घर के पास सैर करने निकले एक व्यक्ति को तीन बदमाशों ने रोक लिया और चाकू के दम पर उनका लाखों रुपये कीमत का मोबाइल, घड़ी व अंगूठी लूटी ली। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश बाइक से जंगल की तरफ भाग गए। इन लुटेरे आरोपितों में एक नाबालिग भी शामिल था। घटना की जानकारी मिलने के बाद सक्रिय हुई चंडीगढ़ पुलिस ने पूरे जंगल एरिया की घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को 10 घंटे के अंदर ही दबोच लिया।
लूट की यह घटना सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में हुई। इस मामले में सेक्टर-56 में रहने वाले आकाश ने सेक्टर 39 पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, वारदात की जानकारी मिलते ही पूरे जंगल की घेराबंदी कर दी गई। एसएचओ 39 इरम रिजवी ने बताया कि, पुलिस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपितों को जंगल के अंदर से दबोच लिया है। यह आरोपी वहां एक झाड़ी में छिपे बैठे थे। आरोपियों के पास से पुलिस ने लूट का सामान और वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद की है। पुलिस ने 10 घंटे के भीतर आरोपितों को गिरफ्तार भी कर लिया। आरोपितों की तलाश में पुलिस टीम ने जंगल एरिया की घेराबंदी कर तीनों बदमाशों को दबोचा है। पुलिस ने गिरफ्तार नाबालिग को देर शाम बाल सुधार गृह भेज दिया।
बदमाशों ने झगड़े में उलझाकर की लूट
आकाश ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि, वे सुबह घर से थोड़ी दूर पर बने पार्क में सैर करने गए थे। वहां से जब वे घर लौट रहे थे तब एक युवक ने उसे रोक लिया। उसने अपनी बात में मुझे उलझाए रखा, तभी उसका एक और साथी भी वहां पहुंचा और बेवजह शिकायतकर्ता के साथ विवाद करने लगा। आकाश ने बताया कि, जब उसने उनका विरोध किया तो दोनों ने उसे पकड़ लिया और तभी एक तीसरा युवक वहां पहुंचा और उसकी गर्दन पर चाकू रख दिया और धमकी दी कि, अगर पैसे नहीं दिए तो यहीं पर उसका गला काट देंगे। हालांकि आकाश के पास उस समय पैसे नहीं थे, इसलिए आरोपितों ने आकाश का मोबाइल, घड़ी और अंगूठी निकाल लिए और जंगल को तरफ बाइक से फरार हो गए। इसके बाद आकाश ने घटना की शिकायत पुलिस कंट्रोल रूम में दी। पुलिस अब इन आरोपितों के पुराने रिकॉर्ड को खंगालने में जुटी है।
