Best Places to Visit Near Chandigarh: पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ को ब्यूटीफुल सिटी कहा जाता है। यह शहर जितना खूबसूरत है, उतना ही इसके आसपास का क्षेत्र भी खूबसूरत है। अगर आप चंडीगढ़ में रहते हैं तो जाहिर सी बात है कि आप ने इस शहर को अच्छी तरह से देखा होगा, ऐसे में वीकेंड या हॉलीडे प्लान करते समय आप इस शहर से बाहर निकलने का सोच रहे होंगे। अगर वीकेंड या हॉलीडे पर आप फैमली या दोस्तों के साथ ट्रीप प्लान कर रहे हैं तो आप चंडीगढ़ के आसपास की जगह को एक्सप्लोर कर सकते हैं। यहां पर हम पांच ऐसी जगहों के बारे में बता रहे हैं जो नेचर से भरपूर हैं।
मोरनी हिल्स
पंचकुला जिले में स्थित मोरनी हिल्स हरियाणा का एकमात्र हिल स्टेशन है। यह स्थान चंडीगढ़ से सटा हुआ है और पवित्र मानी जाने वाली झीलों के आसपास स्थित है। यहां पर आपको हरी-भरी घाटियां, शांत झीलें, और दूर से मंत्रमुग्ध कर देने वाला हिमालय देखने को मिलेगा। यह जगह चंडीगढ़ से करीब 45 किमी दूर स्थित है और पसंदीदा पिकनिक स्पॉट और पर्यटक आकर्षणों में से एक है।नालागढ़ किला
चंडीगढ़ से सटा नालागढ़ किला एक 4-सितारा विरासत स्थल है, जो शिवालिक और सिरसा नदियों के दृश्य के साथ एक पहाड़ी की चोटी पर बना है। इसे 1421 ई. में राजा बिक्रम चंद ने बनवाया था। मूल रूप से एक किले के रूप में बनाया गया यह जगह चंडीगढ़ में घूमने के लिए सबसे लोकप्रिय जगहों में से एक है। यहां पर आम तौर पर लोग पिकनिक मनाने के लिए आते हैं। यहां पर लोगों को खेल खेलने और कई अन्य गतिविधियां करने की पूरी सुविधा मिलती है। चंडीगढ़ से करीब 48 किमी दूर इस जगह पर आप किसी भी समय आ सकते हैं।कसौली
चंडीगढ़ के आसपास मौजूद सबसे लोकप्रिय जगहों में से एक कसौली भी है। यहां पर आपको नेचर का दीदार करने के अलावा साहसिक खेल करने का पूरा मौका मिलेगा। चंडीगढ़ से सिर्फ 68 किमी दूर कसौली से आप पहाड़ों और घाटियों का अच्छा नजारा ले सकते हैं। यहां के मंकी पॉइंट, सनसेट पॉइंट और क्राइस्ट गिरजाघर आपको मंत्रमुग्ध कर देंगे।
बरोग
चंडीगढ़ से करीब एक घंटे की दूरी पर स्थित बरोग भी एक लोकप्रिय पिकनिक स्थल है। यह जगह भी हिमालय की तलहटी में है। एक बार जब आप बरोग पहुंच जाएं तो खुद को लंबी पैदल यात्रा और ट्रैकिंग के लिए तैयार रखें। यहां पर आपको कई खूबसूरत दृश्य निहारने का पूरा मौका मिलेगा। बरोग में लजीज खाने का स्वाद लेने के लिए आपको कई रेस्तरां और कैफे भी मिल जाएंगे।
भरतगढ़ किला
चंडीगढ़ से करीब 48 किमी दूर स्थित भरतगढ़ किला भी बेहद खूबसूरत जगहों में से एक है। इसका निर्माण महाराजा घमंद सिंह ने 1783 में करवाया था। यह किला पहाड़ की चोटी पर स्थित है और यहां से आपको खूबसूरत नजारे देखने को मिल जाएंगे। यहां पर आपको कई मंदिर और महल देखने को मिलेंगे। यहां पर आप हर मौसम में भरतगढ़ किले की प्रसिद्ध लस्सी का स्वाद ले सकते हैं।
