Amritsar News: पंजाब पुलिस ने भारत-पाक सीमा पर सक्रिय एक बड़े हथियार और मादक पदार्थ तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए अमृतसर में पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई खुफिया इनपुट के आधार पर की गई, जिसमें पुलिस ने आरोपियों से पांच .30 बोर और एक ग्लॉक 9 मिमी, यानी छह पिस्तौल के साथ 1 किलो 10 ग्राम हेरोइन बरामद की। तस्करी में उपयोग होने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन और ड्रोन से जुड़ी सामग्री भी जब्त की गई है।
सोशल मीडिया से करते थे संपर्क
डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कार्रवाई की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि आरोपी सोशल मीडिया और ड्रोन के जरिए पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में थे और पंजाब में हथियारों-ड्रग्स की तस्करी करते थे। पुलिस ने शस्त्र अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के तहत छेहरटा और कैंटोनमेंट थानों में एफआईआर दर्ज की है। पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए गहन जांच जारी है।
ड्रोन का होता था इस्तेमाल
यह कार्रवाई अमृतसर के सीमावर्ती इलाकों में हुई, जहां पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार और ड्रग्स की खेपें आती रही हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार आरोपी पंजाब के विभिन्न हिस्सों में नेटवर्क चला रहे थे। वे व्हाट्सएप और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर पाकिस्तानी संचालकों से कोड वर्ड्स में बात करते थे। ड्रोन से सामान सीमा पार फेंका जाता था, जिसे लोकल एजेंट उठाते थे। हेरोइन की यह खेप अफगानिस्तान से पाकिस्तान होते हुए भारत लाई गई थी। हथियार ऑस्ट्रिया और अमेरिका मूल के हैं, जो आतंकी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल हो सकते थे।
ऐसे 50 से अधिक मामले आए सामने
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर, तरनतारन और फिरोजपुर के निवासियों के रूप में हुई है। मुख्य सरगना एक पूर्व तस्कर बताया जा रहा है, जो जेल से छूटने के बाद फिर सक्रिय हो गया। पुलिस ने उनके मोबाइल फोन, सिम कार्ड और ड्रोन पार्ट्स भी जब्त किए। डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस भारत-पाक सीमा पर तस्करी रोकने और जन सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पिछले कुछ महीनों में ड्रोन आधारित तस्करी के 50 से अधिक मामले सामने आए हैं, जिनमें 100 से ज्यादा ड्रोन जब्त हुए।
