चण्डीगढ़

Amritsar से अकाली नेता बिक्रम मजीठिया गिरफ्तार, घर पर विजिलेंस की रेड; बोले-हम झुकेंगे नहीं

शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया को विजिलेंस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से पूर्व एक वीडियो संदेश में मजीठिया ने कहा-मैंने आपको बहुत पहले ही बता दिया था कि जब भगवंत मान सरकार को मेरे खिलाफ झूठे ड्रग केस में कुछ नहीं मिला तो अब वे मेरे खिलाफ नया झूठा केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है।

Image

बिक्रम मजीठिया गिरफ्तार

अमृतसर : पंजाब की भगवंत मान सरकार नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इस बीच, पंजाब सरकार ने बुधवार को शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया पर बड़ी कार्रवाई की है। बिक्रम मजीठिया के अमृतसर स्थित आवास पर विजिलेंस टीम ने छापा मारा है। इस दौरान उनके घर के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हालांकि, थोड़ी देर बाद बिक्रम मजीठिया को विजिलेंस ने गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें टीम लेकर रवाना हो चुकी है।

पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने मादक पदार्थों से जुड़े एक मामले में बुधवार को राज्य में 25 स्थानों पर छापेमारी के बाद वरिष्ठ अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों ने यह जानकारी दी। जिन स्थान पर छापे मारे गए उनमें मजीठिया का अमृतसर स्थित आवास भी शामिल है। मजीठिया की पत्नी और अकाली दल की विधायक गनीव कौर मजीठिया ने दावा किया कि बिक्रम के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, ब्यूरो ने अभी तक उस मामले के विवरण की पुष्टि नहीं की है जिसमें उसने अकाली नेता को गिरफ्तार किया है। ब्यूरो ने पुलिस के साथ मिलकर पंजाब में 25 स्थानों पर छापे मारे, जिनमें अमृतसर में मजीठिया के आवास समेत नौ स्थान शामिल हैं। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) प्रमुख सुखबीर सिंह बादल उनके बहनोई हैं। मजीठिया 2021 के एक मादक पदार्थ मामले में भी जांच का सामना कर रहे हैं।

मजीठिया की पत्नी ने कहा जनता उनके साथ

मजीठिया और उनकी पत्नी ने दावा किया कि सतर्कता ब्यूरो के सदस्य अमृतसर के ग्रीन एवेन्यू स्थित उनके घर में जबरन घुस आए। उन्होंने दावा किया कि चंडीगढ़ में उनके आवास पर भी इसी तरह की छापेमारी की गई। शिअद प्रमुख बादल, उनकी पत्नी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल और कई वरिष्ठ अकाली नेताओं ने मजीठिया के आवास पर छापेमारी को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) नीत राज्य सरकार पर निशाना साधा। कौर ने संवाददाताओं से कहा कि उनके पति के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है। हम लड़ाई जारी रखेंगे। लोग मजीठिया के साथ खड़े रहेंगे। इससे पहले मजीठिया के यहां छापेमारी की खबर जैसे ही सोशल मीडिया पर आई, अकाली नेता और समर्थक उनके आवास के पास पहुंचे और भगवंत मान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। मजीठिया के आवास की ओर जाने वाली सड़क पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और पुलिसकर्मियों ने किसी को भी बैरिकेड पार करने नहीं दिए। जैसे ही अधिकारियों की एक टीम मजीठिया के घर में दाखिल हुई, कौर ने अधिकारियों से पूछा, "क्या हो रहा है? मैं जानना चाहती हूं कि क्या हो रहा है। आप मेरी जानकारी के बिना मेरे घर में कैसे घुस आए?

बिक्रम मजीठिया ने भी आरोप लगाया कि सतर्कता अधिकारी घर में जबरन घुसे और उनके बच्चों को डराया। मजीठिया ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्हें एक अधिकारी से बहस करते हुए सुना जा सकता है। मजीठिया ने सतर्कता टीम से कहा, "आप जबरन घुसे हैं। यह कोई तरीका नहीं है। मैं कहीं नहीं जा रहा। मैं सहयोग करने के लिए तैयार हूं। मजीठिया ने एक वीडियो जारी कर भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि ‘आप’ विपक्षी नेताओं की आवाज दबाने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रही है। मजीठिया ने दावा किया कि मंगलवार रात सतर्कता विभाग ने एक नयी प्राथमिकी दर्ज की है। वे जबरदस्ती घर में घुसे। अगर प्राथमिकी दर्ज की गई है तो हम कानून का सामना करेंगे। अगर उन्हें आय से अधिक संपत्ति के मामले में प्राथमिकी दर्ज करनी थी तो वे नोटिस देकर प्राथमिकी दर्ज कर सकते थे। यह बहुत स्पष्ट है कि वे (आप) घबरा गए हैं

मजीठिया ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने पहले कहा था कि मान सरकार उनके खिलाफ झूठा मामला दर्ज करने की तैयारी कर रही है क्योंकि उसे मादक पदार्थ मामले में उनके खिलाफ कुछ भी नहीं मिला। मजीठिया ने कहा कि सतर्कता ब्यूरो के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक टीम ने छापेमारी की। मजीठिया ने कहा कि भगवंत मान जी, यह समझ लीजिए, चाहे आप कितनी भी प्राथमिकी दर्ज कर लें, न तो मैं डरूंगा और न ही आपकी सरकार मेरी आवाज दबा पाएगी। मैंने हमेशा पंजाब के मुद्दों पर बात की है और आगे भी करता रहूंगा। पंजाब पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) मजीठिया के खिलाफ 2021 के मादक पदार्थ मामले की जांच कर रही है। अकाली नेता को मामले के संबंध में कई बार तलब किया गया और उनसे पूछताछ की गई। इस साल मार्च में, एसआईटी ने दावा किया था कि उसने मजीठिया और उनके परिवार से जुड़ी कंपनियों में "संदिग्ध वित्तीय लेनदेन" का पता लगाया है। मजीठिया के खिलाफ मादक पदार्थ मामले की जांच कर रही एसआईटी ने तब कहा था कि उसने विदेश में वित्तीय लेनदेन का पता लगाने के लिए अपनी जांच का दायरा बढ़ाया है। मजीठिया के खिलाफ तत्कालीन मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के दौरान 20 दिसंबर, 2021 को स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।

गिरफ्तारी से पहले शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया ने अपने घर हुई रेड का एक वीडियो भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया है, जिसमें उनके और विजिलेंस के अधिकारियों के बीच बहस हो रही है। बिक्रम मजीठिया ने वीडियो शेयर कर लिखा, "मैंने आपको बहुत पहले ही बता दिया था कि जब भगवंत मान सरकार को मेरे खिलाफ झूठे ड्रग केस में कुछ नहीं मिला तो अब वे मेरे खिलाफ नया झूठा केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है। आज विजिलेंस के एसएसपी की अगुवाई में टीम ने मेरे यहां छापा मारा है। भगवंत मान ये समझ लीजिए, आप चाहे जितने भी नोटिस दे दीजिए, न तो मैं डरूंगा और न ही आपकी सरकार मेरी आवाज दबा पाएगी।

उन्होंने आगे लिखा कि मैंने हमेशा पंजाब के मुद्दों पर बात की है और आगे भी करता रहूंगा। मुझे अकाल पुरख, गुरु साहिब पर पूरा भरोसा है। अंत में सत्य की जीत होगी। बिक्रम मजीठिया ने एक्स पर एक और वीडियो शेयर किया, जिसमें वह अधिकारियों से यह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि मेरी पत्नी के साथ बदसलूकी न करें।

उन्होंने पंजाब सरकार पर निशाना साधा और कहा, "भगवंत मान सरकार खुलेआम अन्याय कर रही है। हम न झुके हैं, न झुकेंगे। मैंने हमेशा पंजाब के मुद्दों पर बात की है और आगे भी करता रहूंगा। अब जनता अपना जवाब देगी। बता दें कि बिक्रम सिंह मजीठिया पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे हैं। उन्होंने 2007 में मजीठा निर्वाचन क्षेत्र से पंजाब विधानसभा चुनाव जीता और 2012 और 2017 में फिर से जीत हासिल की। हालांकि, मजीठिया ने 2022 का पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ा था और उन्हें हार मिली थी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article