चण्डीगढ़

Vande Bharat Train: 22 जनवरी को इस रूट पर पहली बार चलेगी वंदे भारत, अजमेर तीर्थयात्रियों को होगी सुविधा

Vande Bharat Train: अजमेर से जयपुर होते हुए दिल्ली जाने वाली वंदे भारत ट्रेन का विस्तार चंडीगढ़ तक होने वाला है। इस ट्रेन के शुरू होने के बाद चंडीगढ़ से अजमेर जाने वाले तीर्थयात्रियों को बहुत सुविधा होगी।

Image

वंदे भारत ट्रेन (फोटो साभार - ट्विटर)

Vande Bharat Train: दिल्ली और अजमेर के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन का विस्तार होने वाला है। यह ट्रेन अब चंडीगढ़ तक यात्रा करेगी। यह ट्रेन अजमेर से चलेगी और जयपुर होते हुए दिल्ली जाएगी, दिल्ली के आगे यह ट्रेन चंडीगढ़ तक जाएगी। इस ट्रेन के चलने के बाद अजमेर जाने वाले लोगों को सुविधा होगी। इसके साथ ही इस रूट पर जाने वाले लोगों को यात्रा के लिए एक और विकल्प मिल जाएगा, जो आरामदायक होने के साथ ही कम समय में गंतव्य पर भी पहुंचाएगा। वंदे भारत इस रूट पर 22 जनवरी को पहली बार चलने वाली है। जानकारी के अनुसार अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद इस ट्रेन के संचालन का शेड्यूल जारी किया जाएगा।

सात घंटे में पूरा होगा सफर

अंबाला मंडल रेलवे प्रबंधक मनदीप सिंह भाटिया ने बताया कि यह ट्रेन अभी तक अजमेर-जयपुर-दिल्ली कैंट के रूट पर चल रही थी, जिसे चंडीगढ़ तक बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वंदे भारत ट्रेन 20977 सुबह 6 बजकर 55 मिनट पर अजमेर से चलेगी। यह ट्रेन 11 बजकर 35 मिनट पर दिल्ली पहुंचेगी। जिसके बाद इस ट्रेन के 2 बजकर 45 मिनट पर चंडीगढ़ पहुंचने की संभावना है। इस ट्रेन के शुरू होने के बाद अजमेर शरीफ के तीर्थयात्रियों को सुविधा होगी। चंडीगढ़ से आने वाले लोग करीब सात घंटे में अजमेर पहुंच सकेंगे।

इन तीर्थशहरों से जुड़ा है चंडीगढ़

चंडीगढ़ शहर वर्तमान में कई तीर्थ शहरों से जुड़ा हुआ है, जिनमें अमृतसर, आनंदपुर साहिब, वाराणसी, ऋषिकेश, हरिद्वार, माता वैष्णो देवी और माता चिंतपूर्णी जैसे शहर शामिल हैं। जिसके बाद अब चंडीगढ़ की कनेक्टिविटी एक और तीर्थ शहर अजमेर से होने वाली है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article