चण्डीगढ़

Ahmedabad Plane Crash: लंदन में बेटी से मिलने निकली थी, विमान हादसे ने मां का साया ही छीन लिया

अहमदाबाद प्लेन क्रैश में जान गंवाने वालों में हरियाणा के कुरुक्षेत्र की अंजू शर्मा भी शामिल हैं, जो अपनी बेटी से मिलने के लिए लंदन जा रही थी। इस दर्दनाक हादसे से कुरुक्षेत्र के गांव राम शऱण माजरा में मातम पसरा है। अंजू के बूढ़े मां-बाप को अभी तक इस हादसे के बारे में नहीं बताया गया है। वे काफी समय से बीमार चल रहे हैं, इस कारण अभी उन्हें इस दुखद घटना की जानकारी नहीं दी गई है।

Image

अहमदाबाद प्लेन क्रैश में कुरुक्षेत्र की अंजू शर्मा की मौत

Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद में हुए दर्दनाक विमान हादसे के बाद हरियाणा के कुरुक्षेत्र में भी शोक की लहर है। इस हादसे में कुरुक्षेत्र जिले के गांव राम शरण माजरा की एक बेटी अंजू शर्मा की जान चली गई। अंजू कई सालों से अपने परिवार के साथ गुजरात के वडोदरा में रह रही थीं और अपनी बड़ी बेटी से मिलने लंदन जा रही थीं। अंजू की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवार गहरे सदमे में है। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि अंजू शर्मा के बुजुर्ग माता-पिता को अब तक हादसे की जानकारी नहीं दी गई।

अंजू के माता-पिता लंबे समय से बीमार

अंजू शर्मा के पिता जगदीश शर्मा, जो भारतीय सेना से रिटायर्ड हैं, ब्रेन हेमरेज के कारण बिस्तर पर हैं और माता भी लंबे समय से बीमार हैं। ऐसे में परिवार ने उन्हें यह दुखद समाचार बताने से फिलहाल परहेज किया है। परिवार के लोगों का कहना है कि अगर हम अंजू के पिता और मां को जानकारी देंगे तो डर है कि हम उन्हें भी खो देंगे। अंजू के चाचा, बहन और जीजा शोक व्यक्त करने आने वालों से मिल रहे हैं। वडोदरा में अंजू की छोटी बेटी का डीएनए टेस्ट लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट से पुष्टि हुई कि अंजू शर्मा का निधन हो चुका है। अब अंजू शर्मा के परिवारजन अंतिम संस्कार के लिए वडोदरा जाने की तैयारियां कर रहे हैं। गांव की बेटी की ऐसी विदाई किसी ने नहीं सोची थी।

8 बहनों में सबसे बड़ी थी अंजू

अंजू के चाचा बालकिशन शर्मा अपने आंसुओं को नहीं रोक पा रहे हैं। मीडिया से बातचीत के समय रोते हुए उन्होंने कहा कि अंजू शर्मा खुशमिजाज थी। वह पूरे परिवार, पूरे कुनबे को जोड़कर रखती थी। उसके जाने से सभी सदमे में हैं। अंजू शर्मा ने विमान में बैठने के बाद अपनी बहन नीलू शर्मा को वीडियो कॉल की थी, लेकिन वह अटेंड नहीं कर पाई, जिसका उसे अभी मलाल है। नीलू शर्मा ने कहा कि अंजू शर्मा ने पूरे परिवार का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया था, जिसमें उसने कॉल की थी। आठ बहनों में अंजू शर्मा सबसे बड़ी थीं।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article