Chandigarh: ब्यूटीफुल शहर चंडीगढ़ में पहली बार आयोजित होने जा रही इलेक्ट्रिक व्हीकल एक्सपो-2023 की तैयारियां पूरी हो गई हैं। 3 से 5 फरवरी तक सेक्टर 34 स्थित एग्जीबिशन ग्राउंड में आयोजित होने वाली इस एक्सपो में देशभर की इलेक्ट्रिक व्हीकल मेन्युफैक्चरिंग कंपनियां अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी। इस एक्सपो में भाग लेने के लिए 50 से अधिक कंपनियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। यह एक्सपो आम लोगों के लिए तीनों दिन खुला रहेगा। इसकी सबसे बड़ी बात यह है कि यहां आने के लिए किसी से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। मतलब गाड़ियों में दिलचस्पी रखने वाले लोग यहां पर पहुंचकर फ्री में भविष्य की गाड़ियों का दीदार कर सकेंगे।
इस एक्सपो का आयोजन पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा किया जा रहा है। चैंबर के हरियाणा चैप्टर के अध्यक्ष प्रणव गुप्ता ने ईवी एक्सपो-2023 के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा देश में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए कई तरह की योजनाएं शुरू की गई हैं, लेकिन इसके बाद भी उपभोक्ता इन योजनाओं के प्रति ज्यादा जागरूकता नहीं है। इस एक्सपो के माध्यम से चंडीगढ़ के लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के अलावा इलेक्ट्रिक वाहनों की भविष्य में उपयोगिता और लाभ के बारे में पूरी जानकारी दी जाएगी। इस एक्सपो का फायदा पंजाब और हरियाणा के लोग भी उठा सकेंगे। इस एक्सपो का उद्घाटन चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित करेंगे, वहीं हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला मुख्य अतिथि होंगे।
